Skip to main content

सीएम ने कहा - जिलों में 141 कोविड केयर सेंटर बनाएं और 21 हजार बेड की अतिरिक्त व्यवस्था रखें

कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों ने प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कम्युनिटी स्प्रेड रोकने को लेकर सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रायपुर एम्स और बिलासपुर सिम्स के डीन और अन्य अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्वारेंटाइन सेंटर और अस्पतालों में उपलब्ध बिस्तरों के साथ मरीजों के इलाज के आगे की रणनीति पर चर्चा की। अफसरों ने बताया कि राज्य के जिलों में 141 कोविड केयर सेंटर और मरीजों के इलाज के लिए 21 हजार 230 बेड की व्यवस्था की जा रही है। सीएम ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि संक्रमित व्यक्ति से अस्पताल आने वाले अन्य मरीजों में संक्रमण नहीं फैले। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के लोग संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन करें। भूपेश ने बैठक में शामिल अफसरों से क्वारेंटाइन सेंटर की संख्या, वहां की व्यवस्था और रह रहे लोगों के बारे में भी जानकारी ली। स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारिक ने कोरोना नियंत्रण के लिए प्रदेश स्तर पर किए जा रहे उपायों की जानकारी दी।

जरूरत पड़ने पर क्वारेंटाइन सेंटर में इलाज: अफसरों ने सीएम को बताया कि फिलहाल राज्य व क्षेत्रीय स्तर पर कोरोना के इलाज के लिए अस्पतालों में 1770 बेड हैं। वहीं जिले स्तर पर 3470 बेड की व्यवस्था है। यहां आईसीयू की भी व्यवस्था है। अफसरों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर क्वारेंटाइन सेंटर में उपलब्ध 4026 बिस्तरों को भी कोविड केयर सेंटर के रूप में उपयोग में लाया जाएगा। इस प्रकार प्रदेश में 21 हजार 230 बिस्तर उपलब्ध होंगे।

कम्युनिटी स्प्रेड रोकने एम्स डायरेक्टर से मांगे सुझाव
इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने कोरोना के कम्युनिटी स्प्रेड रोकने को लेकर एम्स डायरेक्टर नितिन नागरकर से सुझाव मांगे। उन्होंने सिम्स बिलासपुर के डीन और अधीक्षक से वहां संक्रमित डॉक्टर एवं मेडिकल स्टॉफ के बारे में जानकारी ली। एसीएस सुब्रत साहू ने सभी मेडिकल कॉलेजों को गंभीर मरीजों के इलाज में सावधानी बरतने और इलाज के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों के गाइड लाईन का पालन करने के लिए कहा। इस अवसर पर सीएम के एसीएस सुब्रत साहू, चिकित्सा शिक्षा एसीएस रेणु पिल्ले, सचिव खाद्य एवं परिवहन कमलप्रीत सिंह, संचालक स्वास्थ्य नीरज बंसोड़, एनएचएम संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. एस.एल. आदिले, सिम्स के डीन डॉ. पात्रा और सीएम के उप सचिव सौम्या चौरसिया भी बैठक में शामिल रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Build 141 covid care centers in districts and keep additional arrangement of 21 thousand beds: Bhupesh


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XHTMKj
via

Comments