Skip to main content

संभाग में 1.39 लाख किसानों के खातों में जमा हुए 107 करोड़

किसानों को खाद-बीज व कीटनाशक की खरीदी में परेशानी न हो इसलिए खरीफ सीजन के पहले राज्य सरकार ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूआत की थी। योजना का लाभ किसानों को मिलना शुरू हो गया है। योजना के तहत सरकार किसानों के खाते में पैसा जमा कर रही है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत बस्तर संभाग के सातों जिलों में सहकारी समिति में पंजीकृत एक लाख 43 हजार 915 किसानों में से योजना अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में एक लाख 39 हजार 686 किसानों को 107 करोड़ 41 लाख 83 हजार का भुगतान किया गया।
सहकारी समिति में सर्वाधिक किसान कांकेर जिले से 64,381 किसानों, बस्तर से 24,724 किसानों, कोंडागांव से 26,186 किसानों, बीजापुर से 9,850 किसानों, दंतेवाड़ा जिला से 3,249 किसानों, नारायणपुर से 3,363 किसानों और सुकमा से 7,933 किसानों के खाते में पैसे जमा किए गए हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत किसानों को अंतर की राशि चार किस्त में दी जाएगी, जिसमें पहली किस्त का भुगतान किसानों के खातों में किया गया। अंतर की राशि प्राप्ति से बस्तर संभाग के सभी किसान खुश हैं। किसान अपनी जरूरत के हिसाब से पैसा निकालकर खेती और परिवार के जरूरी सामग्रियां खरीद रहा है।
योजना का लाभ संभाग के किसानों को मिलने से नए खरीफ वर्ष में किसानों के मध्य फिर से धान की फसल लेने का हौसला बढ़ा। अंतर की राशि मिलने से किसान इसका उपयोग खाद, बीज खरीदने या खेतों की जुताई आधुनिक तकनीकों से करवाने की बात कह रहे हैं। बस्तर जिले में 24 हजार 724 किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत प्रथम किस्त की राशि के रूप में 21 करोड़ 3 लाख 93 हजार रुपए किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जा चुका है। बैंक के मुख्य पर्यवेक्षक ए रजा ने कहा कि पहली किश्त के बाद अब दूसरी किश्त देने के लिए सरकार प्रयास में जुटी है जल्द ही किसानों के खाते में दूसरी राशि जमा हो जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N2bHFd
via

Comments