प्रदेश में रायपुर में 11 समेत कोरोना के 82 नए मरीज मिले हैं। रायपुर में 10 मरीज शहर के हैं। इनमें दो हेल्थ वर्कर, चार क्वारेंटाइन सेंटर व चार मरीजों के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। बलरामपुर से 22, बलौदाबाजार से 12, जांजगीर-चांपा से 11, राजनांदगांव से 8, बिलासपुर से 4, कोरिया से 3 व कोरबा में 2 नए मरीजों की पहचान की गई है। दुर्ग जिले में 9 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें 3 नेवई थाने में पदस्थ पुलिस जवान है। नेवई थाने के तीन आरक्षक कोरोना पॉजिटिव निकले। उसके बाद पूरा थाना सील करना पड़ा है।नए मरीजों को मिलाकर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1948 पहुंच गई है। इनमें एक्टिव केस 735 है। जबकि 1202 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। गुरुवार को 46 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
रायपुर में जो नए मरीज मिले हैं, उनमें फूल चौक जोरापारा, सिविल लाइन आकाशवाणी कालीमंदिर के पीछे दो, राजीव आवास लाल गंगा शापिंग कांप्लेक्स के पीछे, अश्विनीनगर, प्रोफेसर कॉलोनी, बिरगांव से तीन बुधवारी बाजार, कैलाशनगर, मठपारा व बड़े उरला अभनपुर के हैं। 11 में 10 संक्रमित शहरी क्षेत्र हैं। रायपुर में जून शुरू होते ही कोरोना विस्फोट हो रहा है। मंगलवार को 25 मरीज मिले थे, जिनमें 17 राजधानी के थे। लगातार मरीज मिलने से कंटेनमेंट क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। इसके कारण कुछ इलाकों मेंलोग परेशान होने लगे हैं। हालांकि अब कंटेनमेंट एरिया को केवल 100 मीटर के दायरे में समेट दिया गया है। रायपुर में अब तक 188 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 100 से ज्यादा मरीज केवल शहरी क्षेत्र के हैं। जबकि 29 मई को बिरगांव के एक युवक की मौत भी हो चुकी है।
ये रायपुर व प्रदेश की पहली मौत थी। जून में केवल 18 दिनों में अभी तक 188 मरीज मिल चुके हैं। रायपुर में रोजाना औसतन करीब 10 मरीज मिल रहे हैं। इसमें दूसरे राज्यों से आए लोगों, मजदूरों के अलावा जूडो के संपर्क आए जूनियर डाक्टर भी शामिल हैं। नेहरू मेडिकल कॉलेज में माइक्रो बायोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. अरविंद नेरल ने बताया कि जून में लगातार मरीज बढ़ रहे हैं, इसलिए वायरोलॉजी लैब में जांच की क्षमता भी बढ़ाई गई है। तीनों शिफ्टों में जांच की प्रक्रिया चल रहा है ताकि पेंडिंग कम से कम रहे। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि मरीजों सामने आने के बाद उनकी हिस्ट्री निकाली जा रही है। इसके लिए सभी इलाकों में टीम भेजी गई है।
कोरबा में अब तक 257 मरीज मिले, रायपुर में 188
जून माह में अचानक संक्रमण बढ़नेे से प्रदेश में काेरोना मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा हो गया है। गुरुवार शाम तक रायपुर में कुल मरीजों की संख्या 188 पहुंच गई। 257 मरीजों के साथ कोरबा टॉप पर है। बलौदाबाजार में अब तक 194 मरीज मिल चुके हैं। बिलासपुर में 168 व जांजगीर-चांपा जिले में अब तक 162 मरीज सामने आ चुके हैं।
राजनांदगांव में युवक की मौत
राज्य में गुरुवार को राजनांदगांव में कोरोना से 11वीं मौत हुई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राजनांदगांव सीएमएचओ से मरीज के इलाज के दस्तावेज मंगाया गया है। इसका अध्ययन करने के बाद मौत की पुष्टि की जाएगी। 40 वर्षीय मृतक अनाज व्यापारी के घर काम करता था। कोरोना के लक्षण दिखने के बाद उन्हें रविवार को स्थानीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार को मरीज की मौत हो गई थी, लेकिन रिपोर्ट बुधवार की देर रात आई। राजनांदगांव में जिस युवक की मौत कोरोना से हुई है, उसे दूसरी अन्य कोई बीमारी नहीं थी। इससे पहले दुर्ग में 3, बिलासपुर में 2, रायपुर, जगदलपुर, रायगढ़, महासमुंद व धमतरी के एक-एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। इनमें तीन मरीजों को छोड़कर बाकी गंभीर बीमारियों ब्लड कैंसर, ब्लेडर कैंसर, टीबी, किडनी फेल से पीड़ित थे।
| जिले | मौत |
| दुर्ग | 03 |
| बिलासपुर | 02 |
| रायपुर | 01 |
| धमतरी | 01 |
| महासमुंद | 01 |
| रायगढ़ | 01 |
| जगदलपुर | 01 |
| राजनांदगांव | 01 |
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ef8wWT
via
Comments
Post a Comment