लोकेंद्र सिंह | रायगढ़, खरसिया और सक्ती रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर यात्री कम होने से टिकट कम बिक रहे हैं। टिकट कैंसिल कराने वालों की भीड़ लगी हुई है। रेलवे ने लॉकडाउन-4 के आखिरी चरण में काउंटर खोलने की अनुमति के बाद से टिकट कैंसिल कराने वाले 10 हजार 912 यात्रियों को 68 लाख 95 हजार रुपए लौटाए हैं। आवक है नहीं इसलिए स्टेशनों पर बिलासपुर मंडल से 68 लाख रुपए मंगाने पड़े।
गर्मी के इन दिनों में रेलवे में टिकट की मारामारी होती थी, स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ती थीं लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण रेलवे को पहली बार ऐसे दिन देखने पड़े हैं। रेलवे की आय 90 प्रतिशत घट गई। 22 मई से रेलवे टिकट काउंटर अनलॉक होने के बाद 18 दिनों में रायगढ़, खरसिया और सक्ती में सिर्फ 4.72 लाख रुपए के टिकट बिके। इसकी तुलना में रेलवे ने 68.95 लाख रुपए यात्रियों को रिफंड किया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 23 मार्च के बाद सभी ट्रेनों का परिचालन पूरे देश में बंद कर दिया था। इस बीच रेलवे ने घोषणा कर टिकट बुक कराने वाले सभी यात्रियों को पूरे पैसे लौटने की बात कही थी। 22 मई से काउंटर खुलते ही रेलवे ने काउंटर पर आने वाले सभी यात्रियों के रुपए भी लौटाना शुरू कर दिया।
रायगढ़ शहर में सबसे ज्यादा टिकट कैंसिल हुए
रायगढ़ सेक्शन के तीनों स्टेशनों के लिए बिलासपुर डिवीजन से कुल 68 लाख रुपए अबतक मांग चुके हैं। बिलासपुर डिवीजन ने रायगढ़ स्टेशन को 48 लाख, खरसिया स्टेशन को साढ़े 11 लाख और सक्ती स्टेशन को कुल साढ़े 8 लाख रुपए टिकट रद्द होने पर भेजे गए हैं।
सामान्य दिनों में रोज चार लाख के टिकट बिकते थे
सामान्य दिनों में आरक्षित टिकट काउंटर से सिर्फ रायगढ़ स्टेशन में 4 लाख रुपए तक टिकट बुकिंग होती थी, इस बार काउंटर खुलने के बाद 18 दिनों में सिर्फ साढ़े तीन लाख के टिकट बिके हैं। 18 दिनों में रायगढ़ की कुल इनकम 3 लाख 54 हजार, खरसिया की इनकम 39 हजार और सक्ती में 79 हजार रुपए कमाए हैं।
रायगढ़ सेक्शन के स्टेशन में 90 प्रतिशत नुकसान
"रायगढ़ सेक्शन के स्टेशनों में आय 90 फीसदी कम है। अभी सभी स्टेशनों में रद्द हुई ट्रेनों की टिकटों पर रिफंड दिया जा रहा है। इसके लिए हमें बिलासपुर डिवीजन से रायगढ़ के लिए 48 लाख रुपए लेने पड़े हैं।''
-अनिल चंद्रा, सीआई रायगढ़ स्टेशन
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zpKrxj
via
Comments
Post a Comment