कोरोना से निपटने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने दावा किया जा रहा है। इसकी जमीनी हकीकत गुरुवार को चारामा में दिखी। एक बीमार महिला के लिए सरकारी एंबुलेंस नहीं मिल पाई। परिजनों ने उसे तिपहिया मालवाहक में डाल अस्पताल पहुंचाया। जिले में यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी आपात स्थिति में 108 संजीवनी सुविधा नहीं मिलने से गंभीर घटनाएं हो चुकी है।
चारामा नगर पंचायत के दुर्गा मंदिर पारा निवासी फूलोदेवी देवांगन की तबीयत गुरुवार 11 जून दोपहर 12 बजे बिगड़ गई तथा वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिवार वाले डर गए। परिजनों ने संजीवनी 108 को कॉल किया। पुत्र शैलेश देवांगन ने बताया 108 को करीब 12 बार कॉल किया लेकिन कॉल जाने के पहले ही कट गया। कोई रिस्पांस नहीं मिलने पर महतारी 102 में कॉल किया। इसमें भी 5 से 6 बार कॉल करने के बाद भी रिस्पांस नहीं मिला। महिला की बिगड़ती स्थिति देख उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने आसपास वाहन तलाशा गया लेकिन नहीं मिला। इसी दौरान पड़ोसी की मदद से तिपहिया माल वाहक में बीमार महिला को पीछे लेटाया गया। तेज गर्मी के कारण परिवार की एक सदस्य धूप से बचने छाता लेकर सवार हुई। जैसे तैसे बेहोश महिला को अस्पताल पहुंचाया। जांच में पता चला ब्लड प्रैशर व शुगर लो होने से वह बेहोश हो गई थी। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति नाजुक हो सकती थी। चारामा अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है।
वाहन नहीं मिलने परिवार के बुजुर्ग की हो चुकी है मौत: चारामा के दुर्गा मंदिर पारा में निवासरत देवांगन परिवार में यह पहली घटना नहीं है। पहले भी आपात स्थिति में परिवार स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने से परेशान हो चुका है। परिजनों के अनुसार डेढ़ माह पूर्व लॉकडाउन के दौरान परिवार के एक बुजुर्ग की तबीयत काफी बिगड़ गई थी। संजीवनी 108 को कॉल किया लेकिन वहां से जवाब मिला वाहन खराब है। धक्का लगाने के बाद ही स्टार्ट हो पाएगा। जब तक स्वास्थ सुविधा मिलती बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।
जिला समन्वयक का नंबर बंद मिला
इस संबंध में जब एंबुलेंस के जिला कोर्डिनेटर अविनाश पांडे से संपर्क करने कोशिश की गई तो उनका मोबाइल नंबर 9755030112 बंद बताता रहा। संजीवनी 108 में कई बार कॉल करने के बाद एक बार कॉल लगा। रायपुर में बैठी महिला अटेंडर ने अपना नाम बताने से इंकार करते कहा कि हो सकता है कि नेटवर्क में प्राब्लम होने से फोन नहीं लग रहा होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XST9gR
via
Comments
Post a Comment