कटकमदाग प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में वित्तीय वर्ष 2020-21 का पाठ्य पुस्तक बच्चों को अबतक नहीं मिल पायी है। जबकि राज्य परियोजना से निदेशक ने गत 21 मई को ही विद्यालयों में पुस्तक वितरण संबंधी दिशा-निर्देश जारी की है। इधर हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड को छोड़कर अन्य कई प्रखंडों में भी सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तक नहीं मिल पाने की सूचना है। जबकि लगभग प्रखंड के बीआरसी में पुस्तक उपलब्ध करा दी गई। हालांकि बीआरसी में पुस्तक विलंब से उपलब्ध होने का कारण कोविड-19 महामारी बताया जा रहा है। जिसके कारण बच्चों का सत्र भी दो माह विलंब होने वाला है। बावजूद प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी पुस्तक शीघ्र गंतव्य तक पहुंचाने में सक्रियता नहीं दिखा रहें हैं।
एचएम पर बीआरसी से पुस्तक ले जाने का बनाया जा रहा है दबाव
इधर कहा जा रहा है कि बच्चों तक पुस्तक शीघ्र नहीं पहुंचाने का कारण कुछ प्रखंड के बीईईओ व प्रधानाध्यापकों के बीच समन्वय स्थापित नहीं हो पा रहा है। बीईईओ द्वारा प्रधानाध्यापकों पर बीआरसी से ही अपने-अपने विद्यालय पुस्तक ले जाने का दबाव बनाया जा रहा है। जबकि निदेशक द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि बीआरसी से विद्यालय तक पुस्तक पहुंचाने की जिम्मेवारी बीईईओ को ही है। इसके लिए प्रति विद्यालय अधिकतम पांच सौ रुपए किराया खर्च करने सहित बच्चों को पुस्तक वितरण संबंधी दिशा-निर्देश दी गई है। बीईईओ द्वारा प्रधानाध्यापकों पर यह कह कर दबाव बनाया जा रहा है कि एमडीएम का चावल ले जाने के दौरान साथ में पुस्तक भी लेते जाएं। इधर प्रधानाध्यापकों को पुस्तक के लिए किराया उपलब्ध होने की जानकारी हो चुकी है।
दो दिनों के बाद से होगा वितरण: बीईईओ
कटकमदाग बीईईओ जगन्नाथ प्रसाद ने कहा कि अपने प्रखंड में दो दिनों के बाद से पुस्तक विद्यालय तक भेजने का कार्य शुरू होगा प्रधानाध्यापक व समिति के अध्यक्ष व सदस्य पुस्तक को परियोजना के निर्देशानुसार वितरण कराएंगे।
शिक्षक संघ ने जताया विरोध
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने कुछ प्रखंड के बीईईओ द्वारा प्रधानाध्यापकों पर बीआरसी से पुस्तक ले जाने का अनावश्यक दबाव बनाने का विरोध जताया है। संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा है कि यदि बीईईओ द्वारा पुस्तक विद्यालय तक नहीं पहुंचाया जाता है तो वरीय पदाधिकारी से शिकायत की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XJkv7U
via IFTTT
Comments
Post a Comment