मजदूरों को घर जाने के लिए नहीं मिल रहे हैं वाहन खबर दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद सख्त हुआ अनुमंडल प्रशासन। एसडीओ कमलेश्वर नारायण ने पैदल यात्रा करने वाले मजदूरों के मामले में गंभीरता दिखाई है।
उन्होंने बंशीधर नगर अनुमंडल के सभी बीडीओ और थाना प्रभारी को अपने अपने क्षेत्रों में पैदल यात्रा करने वाले मजदूरों को तत्काल वाहन मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसकी जानकारी देते हुए एसडीओ कमलेश्वर नारायण ने बताया कि दूसरे राज्यों से पैदल यात्रा कर यहां आ रहे मजदूरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के द्वारा पैदल यात्रा करने वाले मजदूरों के लिये वाहन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी बीडीओ एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि उनके क्षेत्रों में पैदल यात्रा करने वाले प्रवासी मजदूरों को पैदल यात्रा करते देखे जाने एवं किसी से सूचना मिलने पर तत्काल लोगों को निश्चित स्थान पर एकत्रित कर अनुमंडल कार्यालय से वाहन प्राप्त कर उन्हें महदेइया में निर्माणाधीन जेल एवं जिला मुख्यालय में भेजने का निर्देश दिया है। जिससे कि उन्हें वहां से सुरक्षित वाहनों से उनके गंतव्य स्थान तक भेजा जा सके।
एसडीओ ने अनुमंडलवासियों से भी अपील करते हुये कहा कि अगर कोई भी प्रवासी मजदूर सड़क पर पैदल चलते हुये दिखे तो तत्काल उन्हें एक निश्चित जगह पर इकट्ठा कर इसकी सूचना संबंधित प्रखंड के बीडीओ एवं थाना प्रभारी को देने को कहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के पैदल यात्रा करते देखे जाने पर संबंधित क्षेत्र के बीडीओ और थाना प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yojgCu
via IFTTT
Comments
Post a Comment