Skip to main content

Jharkhand daily news

महाराष्ट्र के पनवेल से झारखंड के 23 जिलों के 1598 प्रवासी मजदूरों को लेकर चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन लगभग 18 घंटा विलंब से शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे कोडरमा जंक्शन पहुंची। स्टेशन पर मौजूद रेलवे पुलिस बल ने आने वाले सभी श्रमिकों को ट्रेन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए बॉगीवार उतारा। उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देश पर स्टेशन परिसर में ही श्रमिकों के सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। वहीं दण्डाधिकारी की नियुक्ति की गई थी। जबकि पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जवानों की तैनाती की गई थी। स्टेशन पर उतरने वाले श्रमिकों के लिए खाने के पैकेट के साथ-साथ बोतल बंद पानी दी गई। वहीं प्रवासी श्रमिकों के मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें वाहनों पर बैठाया गया। स्टेशन पर एसडीओ विजय वर्मा, एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के निगरानी में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करवाते हुए श्रमिकों को सम्मान रथ में बैठाया गया।
मजदूरों ने केंद्र व राज्य सरकार के प्रति जताया आभार : श्रमिकों ने कोडरमा स्टेशन पर उतरने के बाद खुशी जाहिर करते हुए घर वापसी के लिए केंद्र व राज्य सरकार के प्रति अाभार जताया। श्रमिकों ने बताया की ट्रेन में उनसे कोई किराया नहीं लिया गया है। साहेबगंज के अनिकुल शेख, नईम शेख, सऊद आलम, मुजाकिर शेख मजदूरों ने बताया की उन्हें मुफ्त में टिकट दिया गया था। मजदूरों ने बताया की लॉकडाउन के कारण उनके रोजगारी छीन गए थें। उनके पास खाने-पीने की भी व्यवस्था नहीं बची थी।
पूर्ण रूप से सैनेटाइज किया गया था : स्टेशन परिसर को पूर्ण रूप से सैनेटाइज किया गया था। सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन को लेकर जगह-जगह बैरिकेटिंग कर गोल घेरा का निर्माण कराया गया था। रेलवे स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम के साथ दण्डाधिकारी व सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पूर्व से ही की गई थी। मौके पर मौजूद एसडीओ व एसडीपीओ ने श्रमिकों को 28 दिनों तक होम क्वारेंटाइन का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोशल डिस्टेसिंग अनुपालन करने की बात कही। मौके पर डीटीओ जयपाल सोय, कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेश यादव, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुवीर रंजन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार मौजूद थे।
इन जिलाें के श्रमिक शामिल है : श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आए हुए श्रमिकों में 30 श्रमिक कोडरमा जिला के है। जबकि पलामू जिला के 272, गढ़वा के 273, सिमडेगा के 29, पश्चिमी सिंहभूम के 20, हजारीबाग के 104, रांची के 44, बोकारो के 369, पूर्वी सिंहभूम के 17, चतरा के 30, पाकुड़ के 35, देवघर के 10, धनबाद के 14, गिरिडीह के 86, गुमला के 93, दुमका के 4, साहेबगंज के 22, सरायकेला के 5, लातेहार के 41, लोहरदगा के 3, रामगढ़ के 10, गोड्डा के 11, खूंटी के 5 सहित अन्य जिलो के 71 श्रमिक शामिल हैं।
ड्राइवर, खलासी, पुलिस जवान सहित दंडाधिकारी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा : श्रमिक स्पेशल ट्रेन के 18 घंटे विलंब से आने के कारण श्रमिकों को लेने पहुंची विभिन्न जिलों बसों के ड्राइवर, खलासी, पुलिस जवान सहित दंडाधिकारी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इन बसों के ड्राइवर-खलासी सहित अन्य स्टॉफ को खाना तक नहीं दिया गया। पाकुड़ से आए विश्वनाथ पंडित ने बताया की वे रात 8 बजे से स्टेशन के बाहर बस में है। रात में भी खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। वहीं शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक केवल एक बोतल पानी पीकर है। उन्होंने बताया की अपने पैसे से बिस्कुट व कुछ अन्य खाद्य समाग्री खरीदकर लाए है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Special train carrying 1598 migrant laborers from Maharashtra to Jharkhand reached Koderma after 18 hours delay


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/362fUSh
via IFTTT

Comments