राजनांदगांव के मदनवाड़ा में हुए मुठभेड़ में पुलिस ने चार नक्सलियों को मार गिराया। इसमें तीन की शिनाख्त कांकेर जिले के निवासी तथा एक अन्य महिला नक्सली की शिनाख्त दक्षिण बस्तर निवासी के रूप में की गई है।
इन तीनों हार्डकोर नक्सलियों के खिलाफ शासन ने लाखों रूपए इनाम घोषित कर रखा था। मुठभेड़ के दूसरे दिन शनिवार शाम तक इनकी लाश लेने इनके परिजनों में से कोई भी राजनांदगांव मेडिकल कालेज नहीं पहुंचा था। 48 घंटे तक यदि इनकी लाश पर दावा नहीं किया गया तो पुलिस उनका अंतिम संस्कार करा देगी।
शुक्रवार रात मदनवाड़ा के जंगल में हुई मुठभेड़ में भले ही चार नक्सलियों को मार गिराने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लेकिन इस मुठभेड़ में पुलिस ने अपना एक जाबांज एसआई खो दिया। इस मुठभेड़ में मदनवाड़ा थाना प्रभारी एसआई श्याम किशोर शर्मा गोली लगने से शहीद हो गए। मुठभेड़ के बाद आसपास इलाके की सर्चिंग की गई तो वहां से चार वर्दीधारी नक्सलियों के शव मिले। जिसमें दो महिला व दो पुरूष हैं। मारे गए नक्सलियों में एक की शिनाख्त कांकेर राजनांदगांव बार्डर डिवीजन कमेटी सदस्य अशोक उर्फ रैनू हुर्रा उम्र 35 वर्ष निवासी एड़ानार थाना ताड़ोकी जिला कांकेर के रूप में की गई है। जिसके खिलाफ सरकार ने 8 लाख रूपए इनाम घोषित कर रखा था। इसके अलावा एरिया कमेटी सदस्य कृष्णा नरेटी 26 वर्ष निवासी कांकेर तथा महिला नक्सली मोहला औंधी संयुक्त एलओएस की सदस्य सविता सलामे 25 साल निवासी कांकेर के रूप में शिनाख्त की गई है। जिसमें कृष्णा के खिलाफ पांच लाख तथा सविता सलामे के खिलाफ एक लाख रूपए का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ में मृत चौथी महिला नक्सली को परमिला 22 साल निवासी दक्षिण बस्तर के रूप में शिनाख्त की गई है। इन सभी की शिनाख्ति मानपुर मदनवाड़ा इलाके में नक्सली संगठन में काम कर चुके आत्मसमर्पित नक्सलियों ने की है। पुलिस अब इनके परिजनों का इंतजार कर रही है।
राजनांदगांव एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में तीन कांकेर जिले तथा एक महिला नक्सली दक्षिण बस्तर की है। इन पर कुल 15 लाख रूपए का इनाम था। इनके परिवार की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि वे शव ले जा सकें। उनके नहीं आने की स्थिति में दो दिन बाद अंतिम संस्कर पुलिस ही करेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fzhSOf
via
Comments
Post a Comment