कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कलेक्टोरेट,जिला पंचायत सहित सभी जनपद पंचायतों में हैंडवॉश यूनिट लगाई जा रही है। जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्वयं कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने कलेक्टोरेट परिसर में हैंडवाश के लिए एक यूनिट रखवाई है। कलेक्टर ने स्वयं इसकी शुरुआत अपने हाथों की धुलाई कर की। कलेक्टोरेट में यूनिट के लगने के बाद कलेक्टोरेट आने वाले सभी कर्मचारियों, अधिकारियों के साथ लोगों को हाथों को हैंडवाश करने के बाद ही परिसर में अंदर आने की अनुमति होगी। दूसरी और जिला पंचायत सीईओ केएस मंडावी ने भी जिला पंचायत परिसर में हैंडवाश यूनिट का स्वयं हाथ धोकर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी पीके हरित, स्वच्छ भारत मिशन के जिला सलाहकार राजेश जैन , मनोज मिश्रा,आशीष यादव ,शशिकांत गुप्ता,पुनीत यादव,आरआर पैकरा, बलवीर, आलोक टोप्पो, ललित सिंह,मनीष चौरसिया उपस्थित थे।
नल की टोटी से संक्रमण फैलने का खतरा अब नहीं
कलेक्टोरेट और जिला पंचायत में लगी यूनिट में कोरोना संक्रमण व हाथ धुलाई के लिए जागरूक करने वाला संदेश लिखा। यूनिट से लोगांे को 20 सेकंड तक हाथ धोने की अपील की गई है। इस यूनिट में पैर से पुश करने पर हैंडवाश लिक्विड और नल से पानी आता है,जिसके माध्यम से हाथ की धुलाई की जा सकती है। कई बार नल की टोटी संक्रमित होने से धुले हुए हाथ से नल के टोटी को बंद करते समय हाथ फिर से संक्रमित हो जाते हैं। इसे देखते हुए ही इसका निर्माण ऐसा किया गया है जिसमें हाथ लगाने की कोई आवश्यकता ही नहीं है।
बगीचा के एल्डरमैन नासीर अली ने किया था पहला निर्माण
जिले में पैर से संचालित होने वाले हैंडवाश यूनिट का निर्माण सबसे पहले बगीचा नगर पंचायत के एल्डरमैन नासीर अली ने किया था। नासीर अली ने अपने फ्रेबिकेशन में इसका निर्माण कर यूनिट को बगीचा के नगर पंचायत को दान किया था, ताकि इसका उपयोग यहां आने वाले लोग कर सके। नासीर अली द्वारा पैर से संचालित होने वाली हैंडवॉश यूनिट के निर्माण के बाद इसे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए रायपुर से इसका निर्माण करवाया है और इसे कलेक्टोरेट,जिला पंचायत एवं जिले के सभी जनपद पंचायतों में लगाने का निर्णय लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WfRXUa
via
Comments
Post a Comment