कोविड-19 कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई के बीच लॉकडाउन में थोड़ी छूट दी गई है पर ज्यादातर लोग इस छूट का दुरुपयोग करने लगे हैं। बाजार में लोग खरीदारी ऐसे कर रहे हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं हैं। शराब से लेकर किराना दुकानों में बिना मास्क पहने लोगों की भीड़ जुट रही है। बाजार में भीड़ की वजह से ट्रैफिक जाम के हालात बन रहे हैं।
शुक्रवार को भारत माता चौक से लेकर गुड़ाखू लाइन में बार-बार ट्रैफिक जाम हुआ। अब शनिवार और रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रखा जाएगा। आवश्यक सेवाएं ही चालू रहेंगी। शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन होने की वजह से लोग शुक्रवार को बिना सोशल डिस्टेंसिंग के खरीदारी करते रहे। गुड़ाखू लाइन, भारतमाता चौक, जयस्तंभ चौक, गोलबाजार, हलवाई लाइन में ट्रैफिक जाम होता रहा।
इन दुकानों में कार्रवाई
निगम की टीम ने बाजार में भी दबिश दी और सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की गई। बर्तन, प्लाईवुड, कांच दुकान और साइकिल स्टोर्स में भीड़ लगी थी। इनसे जुर्माना वसूला गया। आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
दो दिन के प्रतिबंध से ये संस्थान रहेंगे बाहर
कानून व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवा, सभी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, दवा दुकान, चश्मे की दुकान खुली रहेंगी। दूध ब्रेड, फल एवं सब्जी, चिकन, मटन, मछली एवं अंडा की बिक्री, वितरण और भंडारण हो पाएगा। दूध और अखबार का वितरण, पेट्रोल पंप, गैस सिलेंडर की सुविधा मिलेगी।
बिना मास्क के शराब नहीं
जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से बनाई गई टीम ने शुक्रवार को शराब दुुकानों में दबिश दी। यहां बिना मास्क से शराब की खरीदी करने आए लोगों पर चालानी कार्रवाई की। शराब दुकान के सामने ही 10 लोग ऐसे मिले जो कि बिना मास्क से पहुंचे थे। शराब खरीदने से पहले ही इन पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूल लिया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dsbQNy
via
Comments
Post a Comment