Skip to main content

बिना जांच कराए घर लौट रही गर्भवती ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म

ग्राम मोहपुर से गर्भवती महिला अपने पति के साथ सोमवार को जांच कराने के लिए पति के साथ जिला अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल में भीड़ होने की वजह से पति के साथ वापस घर जा रही थी। लट्टीपारा के पास उसे चक्कर आने पर एक दुकान के पास रुकी। इसी दौरान उसने खड़े खड़े ही बच्चे को जन्म दे दिया। जन्म के बाद बच्चे की मौत हो गई।
मोहपुर निवासी रूपेश नेताम (28)की पत्नी कमतीला गर्भवती थी। उसका सातवां माह चल रहा था। बीती रात दर्द शुरू हो गया था। इसके चलते सोमवार को सुबह 10 बजे वह अपने पति के साथ साइकिल से जिला अस्पताल पहुंची। वहां पर पहले से ही भीड़ लगी थी। कुछ समय तक इंतजार करने के बाद डाक्टर से जांच न कराकर वे वापस घर जाने के लिए साइकल से ही निकल पड़े। इसी दौरान लट्टीपारा कन्या शाला के पास पेट में ज्यादा दर्द शुरू हुआ। जब तक वह फोन कर जिला अस्पताल से एंबुलेंस बुलाते तब तक महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। महिला की परेशानी समझकर आसपास के लोगों ने संजीवनी वाहन को बुलाया। मौके पर जब तक संजीवनी वाहन पहुंची, तब तक नवजात का जन्म हो चुका था। वाहन से बच्चे व महिला को अस्पताल लाया गया, लेकिन बच्चे की मौत पहले ही हो गई थी। डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चा प्री-मैच्योर था
जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एचके नाग ने कहा कि महिला का सातवां माह का गर्भ था। बच्चे का वजन डेढ़ किलो था। वह काफी कमजोर था। इसकी मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो गई थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WJFLKk
via

Comments