करीब 60 दिनों बाद मंगलवार को राजधानी की ज्यादातर दुकानों के ताले खुले तो कई दुकानदारों के चेहरों पर ऐसी खुशी थी, जैसे नया कारोबार शुरू किया है। शाॅप खुली और ईष्ट देव के पूजन के साथ गल्ले को धूप-अगरबत्ती दिखाने के तुरंत बाद ज्यादातर लोगों ने अपनी दुकानों को पूरी तरह सेनिटाइज किया। ग्राहकों से दूरी बने रहे, इसलिए रस्सियां बांधकर डिस्टेंसिंग वॉल बनाई गईं। सेलून और ब्यूटी पार्लरों में पहले दिन गए लोगों का नाम-नंबर नोट किया गया तो ज्यादातर बेचैन हुए, लेकिन ऐसा करना पड़ा।
दो महीने से दुकानें के शटर गिराकर खाली बैठने वाले कारोबारियों के लिए मंगलवार खुशियां लेकर अाया। हालांकि सेलून और पार्लरों में भीड़ कम रही, क्योंकि ज्यादातर लोग मंगलवार को कटिंग वगैरह के लिए उपयुक्त नहीं मानते। शहर की 80 फीसदी दुकानें आज खुल गईं। मुख्य व्यावसायिक इलाके मालवीय रोड, एमजी रोड, राम सागर पारा, सदर बाजार, जीई रोड, तेलीबांधा, संतोषी नगर सहित लगभग सभी बाजारों मंे दुकानें खुलीं। प्रशासन ने दुकानें खोलने की अनुमति कई शर्तों के साथ दी हैं। दुकानदारों ने इनका भी तोड़ निकाल लिया। जैसे ब्यूटी पार्लर और सैलून संचालकों से कहा गया कि वे अपने तौलिया इत्यादि का उपयोग न करें, बल्कि ग्राहकों से ही मंगवाएं। संचालकों का कहना है कि यह संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने डिस्पोजेबल टॉवेल का उपयोग किया। एक ग्राहक को ट्रीट करने के बाद सारे उपकरणों को सैनिटाइज किया गया, ताकि कोरोना इंफेक्शन किसी में न फैले। हालांकि इससे सुविधाओं का चार्ज थोड़ा बढ़ गया है। शहर के प्रमुख पान सेंटरों में पान और गुटखा खाने वाले तो पहुंचे लेकिन भीड़ कहीं नजर नहीं आई। ज्यादातर शाप संचालकों ने सोशल डिस्टेंसिंग के तहत दुकान के चारों तरफ रस्सी बांधकर दीवार खड़ी कर दी। मनिहारी शॉप, टायज सेंटर, लेडीज गारमेंट्स शॉप में भी लॉकडाउन के बाद पहली बार इतनी ज्यादा ग्राहकी रही।
सोना 48 हजार, विवादों के साथ खुला सराफा बाजार
मंगलवार को सदर की सराफा दुकानें दो माह बाद खुलीं, लेकिन लेफ्ट-राइट को लेकर विवाद भी हुआ। पुलिस और कारोबारियों में इस मुद्दे पर विवाद भी हुआ। प्रशासन ने सराफा कारोबारियों को मंगलवार तथा गुरुवार दो दिन ही कारोबार करने की अनुमति दी लेकिन सदर बाजार के लिए दुकान खोलने का लेफ्ट-राइट सिस्टम के कारण मामला बिगड़ गया। मंगलवार को राजधानी में सोना करीब 47990 के भाव पर खुला। सराफा व्यापारियों ने जोश में लेफ्ट-राइट सिस्टम की अनदेखी की और पुलिस एक तरफ की दुकानें बंद करवाने पहुंची, तब विवाद हुआ। पुलिस ने कहा कि प्रशासन ने दुकानें खोलने के लिए दिन तय किए हैं। आदेश के मुताबिक मंगलवार और गुरुवार को दाहिने और तथा बुधवार और शुक्रवार को बाएं ओर की दुकानें खोलने की अनुमति है। कारोबारी आपस में भी भिड़े क्योंकि उन्हें लेफ्ट-राइट से ग्राहकी मार खाने का डर भी है। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि प्रशासन के आदेश की वजह से व्यापारियों में कंफ्यूजन रहा। हालांकि सभी व्यापारी खुश हैं कि भले ही दो दिन मिला, लेकिन एक साथ कारोबार करेंगे। लेफ्ट-राइट सिस्टम ने जरूर कुछ परेशान किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ACG5Dc
via
Comments
Post a Comment