दुकानों को खोलने की छूट मिलते ही पहले दिन बाजारों में जमकर भीड़ दिखी। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग और हाथ धोने के नियमों का पालन लोग भूल गए। हालांकि पुलिस बाजारों में घूम-घूमकर नियमों के पालन की हिदायत देती रही, लेकिन इसका असर नहीं दिखा।
रविवार को प्रशासन ने व्यापारियों की मांग पर विभिन्न प्रकारों की दुकानों को खोलने के लिए सप्ताह में 3 दिन का निर्धारण किया है। इसके तहत जरूरी सामग्री की दुकानों को छोड़कर अन्य हफ्ते में 3 दिन खुल सकेंगीं। व्यापारियों को इसकी सूचना मिलते ही सोमवार सुबह से ही बाजार की अधिकांश दुकानें खुल गईं। इससे 50 दिनों से घर में बंद लोग खरीदारी करने के लिए निकल पड़े। सुबह नौ बजे से ही शहर स्थित देवीगंज रोड और सदर रोड पर स्थित प्रमुख बाजार की अधिकांश दुकानों पर चहल-पहल शुरू हो गई। दोपहर में कुछ शांति के बाद तीन बजे से बाजारों में फिर से चहल-पहल शुरू हो गई। इस दौरान बाजारों में कई बार जाम जैसी स्थिति भी बनती रही। शाम 5 बजे तक प्रशासन ने सभी दुकानों को बंद करा दिया। वहीं बाहर से लोगों के लौटने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
सब्जी मंडी में कई लोग न मास्क लगाए दिखे और न ही डिस्टेंस में
संक्रमण से बचाव और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए सब्जी मंडी को कलाकेंद्र मैदान में स्थानांतरित किया गया है। यहां भी नियमों की धज्जियां उड़ीं। अधिकांश सब्जी विक्रेताओं न तो मास्क लगाए थे और न ही दो गज की दूरी का ध्यान रखा। सब्जी खरीदने पहुंचे लोग एक दूसरे से एकदम सटकर चल रहे थे। यहां टीमें भी नजर नहीं आई।
दुकानों पर भी नहीं दिखी सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजर
प्रशासन ने दुकान खोलने की अनुमति देने के साथ ही कुछ नियम भी निर्धारित किए हैं। इसके तहत दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना और हाथ धोने के लिए सैनिटाइजर या साबुन का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को खुली अधिकांश दुकानों पर इन नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। न तो खरीदार और न ही दुकानदारों ने गंभीरता दिखाई।
कलेक्टर की अपील- बाहर से आने वाले लोगों की दें सूचना
कलेक्टर सारांश मित्तर ने अपील की है कि सरगुजा अभी ग्रीन जोन के जिले में शामिल है। इस कारण यहां छूट दी गई है। इसे ग्रीन जोन में ही बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है। उन्होंने अपील की है कि बाहर से आने वाले लोगों की प्रशासन या पुलिस को सूचना दें। ताकि स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे क्वारेंटाइन किया जा सके।
नियमों का उल्लंघन ने करने पर की जा रही है कार्रवाई: एसडीएम
एसडीएम अजय त्रिपाठी ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य नियमों का पालन न करने वाली 4 दुकानों पर सीलबंद करने की कार्रवाई की गई है। इनमें नारायण किराना स्टोर, विशाल मेगा मार्ट, लक्ष्मी गारमेंट्स और एक अन्य दुकान पर कार्रवाई की गई है। पहली बार नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और दूसरी बार पकड़े जाने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YSWU6Z
via
Comments
Post a Comment