मध्य छत्तीसगढ़ में स्थित चक्रीय चक्रवाती घेरा और द्रोणिका के असर से रविवार को महासमुंद सहित आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई। दोपहर बाद अचानक मौसम में आए बदलाव के बाद करीब 1 घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक रोजाना इसी तरह बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर 2.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही एक द्राेणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से मध्य छत्तीसगढ़ तक 0.9 किमी ऊंचाई पर और एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से लक्ष्य दीप तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसी के असर से राज्यभर में बारिश हो रही है। 1 जून को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक अंधड़ चलने के साथ बारिश हो सकती है।
तीन चक्रवात इसलिए हुई बारिश
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक चक्रवात मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर, एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से मध्य छत्तीसगढ़ तक और एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से लक्ष्यद्वीप तक स्थित है। इसके प्रभाव से कई जिलों में अच्छी बारिश हुई।
पिछले साल जून में 147 मिमी हुई थी बारिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून को मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है। इसी के असर से हर साल जून महीने में बारिश शुरू हो जाती है। साल 2019 में जून महीने में 147 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के कारण जिले के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। रविवार को जिले में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eOnL9h
via
Comments
Post a Comment