जिला प्रशासन ने शनिवार रविवार को पूर्णत: लॉकडाउन की घोषणा की है। जिसमें अति आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर सभी दुकानों व प्रतिष्ठानों को बंद रखने कहा गया था। लेकिन प्रदेश स्तर से ही आदेश में लगातार परिवर्तन को लेकर असमंजस में पड़े सब्जी विक्रेताओं ने शनिवार को नया बाजार में दुकान लगा दी। जिसे देख नगर पालिका को दोबारा एेलान करना पड़ा कि रविवार को साप्ताहिक बाजार नहीं भरेगा। पूर्णत: लॉकडाउन का पूरा पालन किया जाए। यदि कोई दुकान लगाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को प्रदेश से आए आदेश के अनुसार शनिवार रविवार को पूर्णत: लॉकडाउन का एलान किया गया था। पहले आदेश में सिर्फ अति आवश्यक सेवाएं मेडिकल, दूध, फल, पेट्रेाल पंप, एलपीजी गैस तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को ही छूट प्रदान की गई थी। लेकिन शाम तक प्रदेश से दोबारा आदेश आने पर उसमें काफी फेरबदल कर दिया गया। जिसमें सब्जी आदि को भी लॉकडाउन से छूट दी गई। लेकिन इसके विक्रय के लिए सुबह 6 बजे से 9.30 बजे तक का समय दिया गया था। सुबह दुकान नहीं लगाने व ग्राहक नहीं आने की बात कहते पहले ही सब्जी विक्रेता दुकान नहीं खोलने का मन बना लिए थे। जिससे सुबह कुछ ही दुकानें बाजार में लगी। लेकिन इसके बाद किसी ने यह कह दिया कि शाम 4 बजे तक दुकान लगाई जा सकती है। जिसके बाद अन्य सब्जी विक्रेता भी नया सब्जी बाजार में दुकानें लगाने लगे। लेकिन पूर्णत: लॉकडाउन की खबर प्रसारित होने के चलते ग्राहक बाजार नहीं पहुंचे। जिससे दिनभर सब्जी विक्रेता ग्राहकों का इंतजार करते रहे। सब्जी विक्रेताओं ने कहा कि आदेश स्पष्ट निकलना चाहिए। ताकि लोगों को जानकारी हो सके।
सब्जी के अलावा मोबाइल रिचार्ज दुकानें भी खुली रहीं। जबकि पूर्णत: लॉकडाउन के चलते अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार को शहर की सड़कों में सन्नाटा पसरा रहा। सार्वजनिक वाहनों की भी आवाजाही थमी रही।
इसलिए कराया जा रहा साप्ताहिक बाजार बंद
प्रशासन को आशंका है कि सभी दुकानें बंद होने के बाद यदि साप्ताहिक बाजार को छूट दी गई तो वहां भारी भीड़ जमा हो जाएगी। लोग सब्जी खरीदने के नाम से बाजार में टूट पड़ेंगे। वहां भी दुकानों की संख्या बढ़ जाएगी और भीड़ बढ़ती जाएगी। जिससे लॉकडाउन का कोई औचित्य ही नहीं रहेगा। इसलिए साप्ताहिक बाजार को बंद किया जा रहा है ताकि लॉकडाउन अच्छे से पालन हो सके।
आदेश का पालन करवाना बनी चुनौती
जिले का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार रविवार को जिला मुख्यालय कांकेर में लगता है। इसके अलावा रविवार को ही पखांजूर, भानुप्रतापपुर, दुधावा, कलेपरस, कापसी में भी साप्ताहिक बाजार भरता है। ये सभी बड़े बाजार हैं, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। चारामा में हटरी भरता है। लॉकडाउन में शनिवार को कांकेर में सब्जी बाजार खुलने के बाद अब इन सभी जगहों में रविवार को साप्ताहिक बाजार बंद कराना चुनौती होगी। हालांकि प्रशासन ने सभी जगहों पर साप्ताहिक बाजार बंद रखने का आदेश दिया है।
कुछ घंटों के लिए ही खुलेंगी ये दुकानें
नगर पालिका सीएमओ सौरभ तिवारी ने बताया शासन के निर्देशानुसार पूर्णत: लॉकडाऊन में रविवार को साप्ताहिक बाजार बंद रखा जाएगा। इसकी मुनादी करा दी गई है। पूर्णत: लॉकडाउन में अति आवश्यक सेवाएं मेडिकल स्टोर्स, पेट्रोल पंप, एलपीजी गैस व आपात काल सेवा पूरे समय चालू रहेगी। इसके अलावा दूध, फल, अंडा, ब्रेड, मटन, चिकन, मछली का विक्रय रविवार को दोपहर 12 बजे तक ही करने की अनुमति होगी।
अन्य कस्बों में नहीं लगे साप्ताहिक बाजार
पूर्णत: लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को जिला मुख्यालय के अलावा अन्य नगर व कस्बों में इसका असर दिखाई दिया। भानुप्रतापपुर, पखांजूर, नरहरपुर, चारामा, अंतागढ़, दुधावा में इसका असर दिखाई दिया। यहां लॉकडान पूरी तरह सफल रहा। शनिवार को सरोना, बडग़ांव, लखनपुरी, बांदे, कोलर सरंडी, भीरागांव में साप्ताहिक बाजार भरता है। लेकिन यहां भी लॉकडाउन के चलते सन्नाटा पसरा रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LbQbgB
via
Comments
Post a Comment