Skip to main content

बूढ़ातालाब के बहाने सप्रे-दानी स्कूल का मैदान फिर छोटा करने की तैयारी

नगर निगम ने बूढ़ातालाब में जलकुंभी निकालकर इसे साफ करने के नाम पर काम शुरू किया, लेकिन इसके मकसद का भंडाफोेड़ शनिवार को तब हुआ, जब निगम के अमले ने ऐतिहासिक सप्रे स्कूल और दानी गर्ल्स स्कूल के मैदानों की जमीन का बड़ा हिस्सा कब्जे में ले लिया और वहां गड्ढे शुरू कर दिए। दोनों स्कूलों के मैदान पहले भी छोटे किए जा चुके हैं। खामोशी से फिर मैदान छोटा करने की कोशिश शुरू हुई तो आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और सप्रे मैदान पर हो रही खुदाई रुकवा दी। उनका कहना है कि सौंदर्यीकरण के बहाने व्यावसायिक उपयोग की तैयारी है, चौपाटी बनाने के लिए मैदान छोटा किया जा रहा है। इससे बूढ़ातालाब को भी बड़ा नुकसान हो सकता है। दोपहर तक इस मामले ने राजनैतिक रंग ले लिया और तालाब के किनारे चौपाटी के विरोध में भाजपा पार्षद भी उतर गए। उन्होंने निगम कमिश्नर से मिलकर कहा कि अगर यह नहीं रुका तो सड़क पर विरोध किया जाएगा।
शहर के ऐतिहासिक बूढ़ातालाब से जलकुंभी निकालने और दानी स्कूल की तरफ वाले हिस्से के पैठू से मिट्टी साफ करने के दौरान ही नगर निगम और रायपुर स्मार्ट सिटी ने सौंदर्यीकरण का प्लान सामने लाया था। इसी सौंदर्यीकरण पर शनिवार को काम शुरू हुआऔर सप्रे शाला मैदान में बाउंड्रीवाल से करीब 20 फीट अंदर मार्किंग कर खुदाई शुरू कर दी गई। सप्रे मैदान और इसी से लगे हुए दानी स्कूल के खाली हिस्से में पुराने पेड़ों को काटकर जगह को साफ-सुथरा किया जाने लगा। यहां पुराने निर्माण को जेसीबी से तोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। बताया गया कि मार्किंग वाले हिस्से को मैदान से अलग कर सड़क चौड़ी कर दी जाएगी। बचे हुए मैदान को बाउंड्री से घेरा जाएगा, जैसा अभी है। लेकिन काम शुरू होने के कुछ देर बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इसका विरोध किया। थोड़ी ही देर में सप्रे स्कूल में पढ़े लोग और जनप्रतिनिधि भी पहुंचने लगे। मामला बढ़ता देख अफसरों ने सप्रे मैदान में काम रुकवा दिया और खोदी गई जगह पर फिर से मिट्टी डाल दी।

व्यावसायीकरण से इंकार
सप्रे शाला में खुदाई शुरू होने की सूचना के बाद भाजपा पार्षद सूर्यकांत राठौर, मृत्युंजय दुबे, मीनल चौबे, मनोज वर्मा सहित करीब आधा दर्जन पार्षद भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वे सीधे निगम मुख्यालय में कमिश्नर सौरभ कुमार से मिलने पहुंचे। पार्षदों ने कहा कि बच्चों के खेलने की एकमात्र बची जगह को खत्म किया जा रहा है। यहां पर चौपाटी बनाए जाने की जानकारी है। कमिश्नर सौरभ कुमार ने इसका खंडन करते हुए कहा कि यहां पर किसी तरह का व्यावसायिक निर्माण नहीं किया जा रहा है। बूढ़ातालाब सौंदर्यीकरण के तहत इस तरफ रोड को चौड़ा किया जा रहा है। दानी स्कूल की जमीन को लेकर वहां पर स्कूल के बच्चों के लिए ही बिल्डिंग बनाई जा रही है। चौपाटी बनाने की कोई योजना नहीं है। पार्षदों ने कमिश्नर से पूरे प्रोजेक्ट की डिटैल जानकारी मांगी तब उन्होंने इसके लिए भाजपा पार्षदों को कल सुबह 11 बजे बुलाया है।
दूसरी बार मैदान पर प्रहार
शहर के ऐतिहासिक सप्रे शाला मैदान को सड़क के लिए दूसरी बार छोटा किया जा रहा है। चार साल पहले बिजली आफिस चौक से सुलभ शौचालय तक सड़क को चौड़ा करने के लिए मैदान को छोटा कर दिया गया। मैदान करीब 20 फीट तक छोटी हो गई। मैदान को दो अलग हिस्सों में बांट दिया गया। एक हिस्सा स्कूल वाला है, और दूसरे हिस्से में फुटबाल और अन्य गतिविधियों के लिए खेल मैदान के रूप में रखा गया है। इसी मैदान वाले हिस्से की करीब 20 फीट जगह को लेकर बूढ़ातालाब वाली सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क के लिए मैदान का हिस्सा निकालने से वह बहुत छोटा हो जाएगा। रायपुर स्मार्ट सिटी ने दो साल पहले ही इस मैदान के चारों तरफ पेवरब्लॉक लगाकर हेल्दी हार्ट ट्रैक बनाया है। इस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह भी व्यर्थ खर्च था।

ड्राइंग-डिजाइन भी छिपाया
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया है कि किसी भी प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने से पहले ड्राइंग-डिजाइन बनाने, डीपीआर और टेंडर इत्यादि बुलाने वाला रायपुर स्मार्ट सिटी व निगम बूढ़ातालाब सौंदर्यीकरण का काम बिना किसी औपचारिकता के करने लगा है। कमिश्नर ने भी मौखिज जानकारी दी है। ड्राइंग-डिजाइन और योजना के बारे में लोगों को पूरी जानकारी देनी चाहिए। चर्चा है कि नीलाभ उद्यान से दानी स्कूल तक लक्ष्मण झूला बनाया जाना है।इसी के साथ इस पूरे हिस्से को डेवलप किया जाना है, ताकि लोग उद्यान से इस तरफ आएं तो उन्हें खाने-पीने, घूमने लायक सुविधाएं मिले।

"सौंदर्यीकरण कर रहे हैं, व्यावसायीकरण नहीं। सप्रे स्कूल मैदान की कुछ जमीन सड़क चौड़ी करने ले रहे हैं। दानी स्कूल के खाली पड़े हिस्से का उपयोग कर वहां बच्चों के लिए चार मंजिला भवन बनाने की योजना है।"
-पुलक भट्टाचार्य,अपर आयुक्त नगर निगम



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सप्रे स्कूल के मैदान में चल रहा खुदाई का काम।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZR44Ju
via

Comments