पड़ोसी राज्य में बने द्रोणिका(समुद्री हवाओं) के प्रभाव के कारण शुक्रवार दोपहर को मौसम में बदलाव आया। तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे शहरी जनजीवन कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। कुछ स्थानों पर तेज हवा के कारण पेड़ की टहनियां टूट कर गिर गई, कहीं पर टेंट धराशायी हो गए। हालांकि किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं आई है।
शुक्रवार को दिन का तापमान 38.3 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात का पारा 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में गर्मी और उमस से लोग हलाकान नजर आए। बारिश के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिली। आने वाले 12 मई तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है, मौसम विभाग ने इस संबंध में पूर्वानुमान जारी कर दिया है।
किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत: कृषि मौसम विज्ञान से सुरभि जैन ने बताया कि आगामी दिनों में जिले में 11-12 मई तक चक्रवात का असर रहने की वजह से तेज हवा एवं बारिश के साथ बादल रहने की संभावना है। इससे फसल को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फसल कटाई कर ली है। तो वे फसल को सुरक्षित स्थानों में भंडारित करें। इसके साथ ही तापमान को ध्यान में रखते हुए सभी सब्जियों तथा खड़ी फसलों में आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई करें। सिंचाई सुबह या शाम के समय ही करें। आगामी खरीफ फसल के लिए खेत की तैयारी के लिए समय अनुकुल है। इसलिए खेतों को खाली छोड़ देना चाहिए, ताकि खेतों या मेड़ों की सफाई कर खेत की अकरस जुताई करें। ताकि तेज गर्मी से मिटटी में छिपे कीटों के अण्डे तथा घास नष्ट हो जाए। यह समय मिटटी के जांच के लिए भी उपयुक्त है, इसके लिए नजदीकी कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केन्द्र से संपर्क करें।
इसके साथ ही साथ सिंचाई के साधन उपलब्ध होने पर खेत में हरी खाद के लिए सनई या ढेंचा की बुआई करें। तापमान के अधिकता को ध्यान में रखते हुए पशु शाला और मुर्गी घरों को चटाई या जूट से ढंक दें और इसे गीला रखें ताकि भीतरी तापमान सामान्य बना रहे।
गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश से दक्षिणी कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से बहुत अधिक मात्रा में नवमी आ रही है। इसके कारण 9 मई को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और मध्य छत्तीसगढ़ एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज चमक के साथ छीटे पड़ सकते हैं। बस्तर संभाग में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। 9 मई को एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंदर चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SOmAxS
via
Comments
Post a Comment