छत्तीसगढ़ में सोमवार से लॉकडाउन-3 शुरू होने के साथ ही लोगों को कई रियायतें भी मिलने जा रही हैं। कोरोना संक्रमण शुरू होने के साथ ही बंद हुई शराब दुकानें सोमवार से पूरे प्रदेश में खुल जाएंगी, जबकि रायपुर, कोरबा और सूरजपुर जिले के कुछ दफ्तरों को छोड़ सभी जिलों में जमीनों की रजिस्ट्रियां भी शुरू हो जाएंगी। जबकि सोमवार से ही प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों की रौनक भी लौट जाएगी।
साथ ही राजस्व प्रकरणों की सुनवाई भी शुरू हो जाएगी। छत्तीसगढ़ में 4 मई से शुरू हो रहे तीसरे लॉकडाउन में लोगों को ग्रीन और ऑरेंज जोन में कई प्रकार की राहतें दी जाएंगी।जिससे कि उनका वे धीरे-धीरे अपने कामकाज में लौट जाएं। लॉकडाउन का तीसरा दौर 17 मई तक चलेगा। केन्द्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक प्रदेश सरकार भी लोगों को रियायतें दे सकती हैं। लेकिन स्कूल, कॉलेज, शॉपिंग मॉल और धार्मिक स्थल तो बंद ही रहेंगे लोग दिन में घरों से बाहर तो निकल सकेंगे, लेकिन जो लोग जरूरी सेवाओं में नहीं हैं, उनकी शाम 7 से सुबह 7 बजे के बीच सड़कों पर मूवमेंट की मनाही होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद से यह माना जा रहा था कि लॉकडाउन की समयसीमा बढ़ाई जाएगी, लेकिन कुछ सहूलियतें भी दी जाएंगी। बताया गया है कि मजदूरों के लिए स्पेशल ट्रेनें छत्तीसगढ़ आएंगी, लेकिन अन्य मालगाड़ियों के अलावा अन्य ट्रेनें नहीं चलेंगी। रेड जोन में किसी भी प्रकार के निजी वाहनों से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
भीड़ रोकने शराब की होगी होम डिलीवरी
सभी शराब दुकानें सुबह 8 बजे खुलेंगी और शाम 7 बजे बंद कर दी जाएंगी। वर्तमान में देशी और विदेशी शराब खरीदने की सीमा प्रति व्यक्ति 2 बोतल और बीयर खरीदने की सीमा 4 बोतल है। लाॅकडाउन के दौरान भीड़ में कमी लाने के लिए देशी-विदेशी शराब बिक्री की सीमा 3000 एमएल और बीयर की 6 बोतल खरीद सकते हैं। यही नहीं, अगर कोई ग्राहक दुकान के काउंटर से खरीदना चाहे तो शराब 5000 एमएल मिल जाएगी। भीड़ को रोकने होम डिलीवरी की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त चार्ज देना होगा।
तीन भागों में रजिस्ट्री कार्यालय खुलेंगे
रजिस्ट्री कार्यालय को तीन भागों में बांटा गया है। पहले जहां रजिस्ट्रियों की संख्या ज्यादा, वो दफ्तर 7 दिन खुलेंगे। दूसरी श्रेणी के दफ्तर सप्ताह में दो दिन और तीसरी श्रेणी के दफ्तर िसर्फ एक दिन खुलेंगे। रायपुर के चार, कोरबा के दो और सूरजपुर के एक उपपंजीयक कार्यालय को छोड़ पूरे प्रदेश में रजिस्ट्री कार्यालय खुलेंगे। पंजीयन से पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा।
अफसर पूरे आएंगे, कर्मचारी एक-तिहाई
कर्मचारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बजाय खुद के वाहन से कार्यालय जाना होगा। सभी राजपत्रित अफसर आएंगे, लेकिन कर्मचारियों की संख्या एक तिहाई होगी। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार कलेक्टर अलग से आदेश जारी कर सकते हैं। लोगों से कार्यालय में मिलना-जुलना कम रखें। कार्यालय में सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन न हो तथा ऑनलाइन काम पर ज्यादा फोकस करें।
सीएम भूपेश का पीएम मोदी को पत्र- पुलिस, निगमऔर प्रशासन के कर्मचारियों को जोड़ें बीमा योजना में
सीएम भूपेश बघेल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कर्मियों की तरह पुलिस, निकाय और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों को बीमा योजना में शामिल करने की मांग की है। भूपेश ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों के लिए 50 लाख बीमा के फैसले की तारीफ की है। सीएम ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाकर्मियों पर किसी भी प्रकार के हमले की घटना नहीं हुई है, लेकिन अध्यादेश कोरोना संक्रमण से लड़ने वाले योद्धाओं को एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करता है।
सीएम बघेल ने अपने पत्र में पीएम का ध्यान उन हजारों कर्मचारी-अधिकारियों की ओर दिलाया है, जो दिन-रात लाॅकडाउन को सफल बनाने में जुटे हैं। सीएम ने कहा है कि कई कर्मचारी-अधिकारी भी कोरोना से संक्रमित हुए हैं।लेकिन केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवा कर्मियों के लिए लागू की गई बीमा योजना के दायरे में राज्य के कर्मचारी-अधिकारियों को शामिल नहीं किया गया है।
अध्यादेश की धारा-1ए(बी)(ii) में स्वास्थ्य सेवाकर्मी की परिभाषा में ऐसे व्यक्ति शामिल हैं, जो महामारी को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए अधिकृत किए गए हैं। यानी पुलिस, स्थानीय निकाय व जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी इस परिभाषा की परिधि में निश्चित रूप से शामिल होंगे। सीएम ने कहा है कि जो लोग कोरोना संक्रमण से बचाव और नियंत्रण के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं, उन्हें भी स्वास्थ्य कर्मी मानते हुए स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलता चाहिए। भूपेश ने इस बीमा योजना में पुलिसकर्मी, स्थानीय निकाय और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों को भी शामिल करने का अनुरोध किया है।
सीएम की अपील : बाहर से आने की जानकारी दें, क्वारेंटाइन में रहें
^बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी किसी भी तरह से न छुपाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी क्वारेंटाइन नियम का पालन करें, तभी हम सभी कोरोना संक्रमण को रोकने में सफल हो सकेंगे। आज प्रदेश में कोरोना संक्रमित 14 नए मरीज की पुष्टि हुई है। ये सभी बाहर से आए हुए लोग थे। सरकार ने उन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रखा था।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ffaYNP
via
Comments
Post a Comment