रेत खदानों की नीलामी के बाद भी जिले में अवैध रूप से रेत खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात लखनपुरी इलाके के बोदेली रेत खदान से ग्रामीणों ने अवैध रूप से खनन कर रहे चार हाईवा व एक चेन माउंटेन को पकड़ा जिसे खनिज विभाग के हवाले किया गया। रेत खनन को लेकर दो दिन पूर्व ग्रामीणों ने विभाग में शिकायत भी की थी लेकिन विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा था।
पिछले कुछ दिनों से रात में बोदेली खदान से लगातार रात में रेत निकाली जा रही थी। शिकायत के बाद जब कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों ने तय कि वाहनों को रेत के साथ पकड़ उसे विभाग के हवाले किया जाएगा। रविवार 10 मई की रात 8 बजे में जैसे ही हाईवा वाहन खदान से रेत भर कर बाहर आए ग्रामीणों ने चारों वाहनों को रोक लिया। वाहन पर सवार रेत माफिया ने ग्रामीणों को धमकाना शुरू कर दिया। ग्रामीण युवक राजेंद्र दीपक, आशीष कवाची, अनूज गावड़े, नरेश नाग आदि ने बताया ठेकेदार के आदमी वाहन छोडऩे ग्रामीणों से ही धक्का मुक्की कर अपशब्द कहने लगे। धमकाने लगे कि हमारी ऊपर तक पहुंच है। तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते। विवाद की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। खनिज विभाग भी दलबल के साथ पहुंचा। चार हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 08 एए 6016 (चालक मोरध्वज साहू), सीजी 08 एके 0501 (चालक पुन्नुलाल यादव), सीजी 08 एएफ 2363 (चालक तुलसी दास) तथा सीजी 08 एए 8352 (चालक शिव चेलक) को जब्त कर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
ग्रामीण भड़के तो बैकफुट पर आई पुलिस
मौके पर पहुंचे पुलिस ग्रामीणों को ही कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल-जवाब करने लगी। चारामा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक वहां मास्क पहन खड़े ग्रामीणों का मास्क उतरवाने लगा। उन सभी की फोटो खींचने लगा जैसे ग्रामीणों ने ही कोई वारदात की हो। इससे ग्रामीण भड़क गए। उन्होने इसका विरोध कर आरक्षक को घेरा लिया तो पुलिस बैकफुट पर आ गई।
हंगामा होता देख छिपा दी थी चेन माउंटेन
जब ग्रामीणों व ठेेकेदार के लोगों के बीच विवाद होने लगा तो चेन माउंटेन का चालक उसे महानदी के किनारे एक जगह ले जाकर छिपा दिया था। क्योंकि जिले के किसी भी खदान में चेन माउंटेन या जेसीबी से उत्खनन करने की अनुमति नहीं है। अचानक गायब हुए चेन माउंटेेन की ग्रामीणों ने खोजबीन की तो वह नदी किनारे झाडिय़ों में छिपा हुआ मिला। जिसे भी जब्त कर उसे बोदेली के सरपंच के सुपुर्द किया गया।
ठेकेदार से पूछा जाएगा चेन माउंटेन क्यों लाई
खनिज अधिकारी सीएल बंजारे ने कहा ग्रामीणों की सूचना पर बोदेली खदान से चार हाईवा को रात में अवैध उत्खनन करते पकड़ा है। कार्रवाई की जा रही है। महानदी घाट से एक चेन माउंटेन मशीन भी जब्त की गई है। ठेकेदार से पूछा जाएगा कि यहां चेन माउंटेन क्यों लाई गई थी। जब सूचना या शिकायत मिली है विभाग कार्रवाई करने पहुंचा है। कार्रवाई नहीं करने की बात गलत है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WPkqPx
via
Comments
Post a Comment