Skip to main content

मांझापारा में तोड़े नालियों के प्लेटफॉर्म

शहर में बारिश के पानी के निकासी की सही व्यवस्था नहीं है। जिससे शहर में सड़कों में पानी भरना आम बात हो गई है। जहां नालियां बनाई गई हैं उसे भी पाट कर या उस पर प्लेटफाम बना बंद कर दिया गया है। जिससे भी बारिश में दिक्कत होती है। इसी समस्या से निजात पाने अब पालिका ने लॉकडाउन में दुकानों के बंद होने का फायदा उठा ड्रेन ओपन करने की मुहिम छेड़ दी है। जिसके तहत रविवार को मांझापारा में नालियों पर बने प्लेटफार्म को तोड़ा गया। यह कार्रवाई अब शहर के हर गली मोहल्ले में होगी।शहर में सभी जगह नालियों को पाट दिया गया है। जिससे बारिश का पानी बाहर नहीं जा पाता है। इसलिए यह अभियान शुरू किया गया है।
पूरे शहर में चलेगी कार्रवाई : नगर पालिका सीएमओ
नगर पालिका सीएमओ सौरभ तिवारी ने बताया कि पूरे शहर में नालियों की एक जैसी स्थिति है। सभी जगह नालियों पर प्लेट फार्म बना ढंक दी गई जिससे उसकी सफाई ठीक से नहीं हो पाती। बारिश के पहले पूरे शहर में नालियों पर बने प्लेटफार्म को हटाया जाएगा। छोटी छोटी गलियों में भी यह कार्य होगा। अंतिम चरण में नेशनल हाईवे किनारे नालियों पर बने प्लेटफार्म को तोड़ा जाएगा। माह भर में यह पूरा कार्य हो जाएगा।
जेसीबी की मदद से तोड़े नालियों के प्लेटफार्म
रमालाज के सामने सड़क से सेन चौक तक मार्ग में दोनोंं ओर नालियों के ऊपर बने प्लेट फार्म को तोड़ा गया। इसके लिए पालिका ने दो जेसीबी के अलावा अन्य वाहनों की मदद ली। यहां कुछ जगह जहां अतिक्रमण कर प्लेटफार्म बनाया गया था उसे भी तोड़ा गया ताकि मार्ग चौड़ा हो सके। इस मार्ग में नाली को ढंकने के साथ ही कई जगह सड़क तक प्लेटफार्म बना दिया गया था। जिससे यह मार्ग काफी सकरा हो गया है और आए दिन यहां जाम लगता है। कार्रवाई के दौरान सांसद मोहन मंडावी पहुंचे और उन्होंने तोड़फोड़ रुकवाई। बताया जा रहा है कार्रवाई को लेकर बैठक की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Platforms of drains broken in Manjhapara


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2z5VR9n
via

Comments