Skip to main content

एयरपोर्ट-रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी, गिरफ्तार

राजधानी और उसके आसपास के बेरोजगार युवाओं को एयरपोर्ट से लेकर रेलवे, पुलिस में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले जालसाज को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राज्य के मंत्री से लेकर मंत्रालय के अधिकारियों की पहुंच बताता था। लोगों से अधिकतर वह मंत्रालय या संचालनालय के बाहर ही मिलता था। उनका दस्तावेज लेकर भीतर चला जाता। इससे लोग उसके झांसे में आ जा रहे थे। उसे चार लोगों ने दस लाख कैश दिया है। पिछले डेढ़ साल से उन्हें गुमराह कर रहा था और उनका पैसा नहीं लौटा रहा था। उसने एक युवक को जो चेक दिया था, वह भी बाउंस हो गया। पुलिस ने बताया कि नवा रायपुर निमोरा का उमेश बारले किसानी करता है। उसने अपने रिश्तेदारों से बताकर रखा था कि मंत्री और अधिकारियों से उसके अच्छे संबंध है। वह कुछ भी काम करा सकता है। उसने अपने रिश्तेदारों को रेलवे का विज्ञापन दिखाया और कहा कि कोई रेलवे भर्ती परीक्षा में बैठ रहा होगा तो उसकी नौकरी लगा देगा। लक्ष्मी नारायण धृतलहरे झांसे में आ गया। लक्ष्मी उमेश से मिलने नवा रायपुर आया। उसने रेलवे टेक्नीशियन के लिए 5 लाख में सौदा किया। 4.10 लाख दो किश्त में आरोपी को दे दिए। लक्ष्मी ने अपने दोस्त नोहर सिन्हा की मुलाकात उमेश से कराई। एयरपोर्ट में नौकरी लगाने के लिए उससे ढाई लाख रुपए लिया गया। इसी तरह वेदप्रकाश साहू से दो लाख व अन्य से पैसा लिया। उसके बाद से आरोपी गुमराह कर रहा है।उसने पैसे पूरे खर्च कर दिए हैं। जब दबाव बढ़ने लगा तो उसने चेक दे दिया। वह भी बाउंस हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ और शिकायतें मिल सकती है। पुलिस ने उसके खिलाफ तीन केस दर्ज किया है। नए शिकायत आने पर और केस दर्ज किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AKtnT6
via

Comments