बूढ़ातालाब में दानी स्कूल से नीलाभ उद्यान तक बनेगा लक्ष्मण झूला, बोटिंग-फाउंटेन भी, सीएम भूपेश ने कहा- डेढ़ साल में पूरा होगा काम
बूढ़ातालाब में दानी स्कूल के पीछे पुराने सोलर पैनल वाली जगह से नीलाभ उद्यान तक लक्ष्मण झूला बनाया जाएगा। यह बिलकुल उसी तरह होगा, जैसा महादेवघाट में बनाया गया है। तालाब में पाथवे, फाउंटेन, बोटिंग सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बूढ़ातालाब का मुआयना करने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यहां विकसित की जाने वाली सुविधाओं और योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी काम डेढ़ साल में पूरे हो जाएंगे और यह प्रदेश का सबसे सुंदर तालाब होगा।
सीएम भूपेश बघेल गहरीकरण के बाद पहली बार तालाब का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनके साथ नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा और विकास उपाध्याय, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, मुख्य सचिव आरपी मण्डल, पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी, प्रभारी कलेक्टर और निगम कमिश्नर सौरभ कुमार सहित अनेक पार्षद आदि भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक बूढ़ातालाब विवेकानंद सरोवर आने वाले समय में तेलीबांधा तालाब जैसा ही शहर के आकर्षण का केंद्र बनेगा। शहर के अन्य तालाबों को भी सुंदर और साफ-सुथरा बनाया जाएगा। तालाबों को साफ-सुथरा बनाने में जनभागीदारी भी जरूरी है। तालाबों के आसपास रहने वाले लोगों को जागरूक करना होगा। तालाबों में आने वाले सीवरेज का पानी रोकनाचाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी में टैंकरों की संख्या कम होने को लेकर निगम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शहर को टैंकरमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसमें कुछ हद तक सफलता मिली है।
कंकाली तालाब में दवा का छिड़काव
राजधानी के दूसरे ऐतिहासिक कंकाली तालाब मेंमंगलवार को कैमिकल का छिड़काव किया गया। इस कैमिकल से तालाब का पानी साफ होगा और उसमें जलकुंभी इत्यादि नहीं होंगे। मेयर एजाज ढेबर ने तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कंकाली तालाब मेंयह प्रयोग सफल रहने पर बड़े स्तर पर इसका उपयोग बूढातालाब में भी किया जाएगा। इस अवसर पर जोन-7 कमिश्नर विनोद पांडे सहित अफसर मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3da5fri
via
Comments
Post a Comment