खाद्य विभाग के अफसर नमक की नई शिकायतों से परेशान हो गए हैं। शहर के दो दर्जन से ज्यादा राशन दुकानदारों ने अफसरों को बताया है कि बीपीएल परिवारों को देने वाला नमक उनकी दुकान के बाहर से चोरी हो रहा है। राज्य सरकार की ओर से सभी बीपीएल राशन कार्ड वालों को दो किलो नमक मुफ्त दिया जाता है, लेकिन 70 फीसदी से ज्यादा परिवार इस नमक को लेते ही नहीं है। दुकानदारों की ओर से देने के बावजूद लोग नमक लेने से इंकार कर देते थे। इस वजह से नमक की बोरियां राशन दुकानों के बाहर ही रखी होती हैं। कई बार धूप और बारिश में यह नमक खराब भी हो जाता था, जिसे बाद में फिंकवा दिया जाता। लेकिन इस हफ्ते लगातार राशन दुकानों के बाहर से नमक की बोरियां और पैकेट कम हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि नमक खत्म होने की अफवाह फैलने के बाद से ही नमक चोरी हो रहा है। विभाग के अफसरों ने अब दुकानदारों से कहा है कि वे दुकान या गोदामों के अंदर ही नमक को रखें। नमक की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई जारी है। टीम ने रायपुर के अलावा आरंग, अभनपुर, तिल्दा और धरसींवा में भी कई जगहों पर छापेमारी की। खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह भदौरिया की फटकार के बाद गुरुवार को डूमरतराई में नमक दुकानों में भीड़ कम हो गई। दुकानों के बाहर नमक खरीदने के लिए लोग दिखाई नहीं दिए और न ही छोटे कारोबारी वहां नमक खरीदने के लिए पहुंचे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yXuyOr
via
Comments
Post a Comment