Skip to main content

शहर के अधिकतर एटीएम में कैश का संकट

लॉकडाउन के बीच लोगों को बेहतर व्यवस्था देने का दावा खोखला साबित हो रहा है। शहर के ज्यादातर एटीएम में कैश संकट के कारण लोगों को रुपए निकालने के लिए भटकना पड़ रहा है। खासतौर पर कामर्शियल बैंक के एटीएम में सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है।
शहर में विभिन्न बैंकों के एटीएम संचालित है, फिर भी कैश की उपलब्धता नहीं है। ऐसे में लोगों को कैश निकालने के लिए बैंकों में कतार लगानी पड़ रही है, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का उल्लंघन हो रहा है, वहीं संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। शुक्रवार को नया बस स्टैंड परिसर में संचालित एटीएम में रुपए नहीं निकले, इसी तरह ममता नगर में एक प्राइवेट बैंक के परिसर में लगे दोनों एटीएम से भी कैश नहीं होने से लोगों को परेशानी हुई। गौरतलब है कि बैंक एटीएम में कैश जमा करने के लिए प्राइवेट कंपनियों को हायर करती है, लेकिन ये कंपनियां समय पर एटीएम में कैश रिफिल करने में कोताही बरत रही है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लीड बैंक प्रमुख अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ऐसी समस्या है, तो बैंकर्स से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। एटीएम में पर्याप्त कैश हो ऐसी व्यवस्था बनाने कहा जाएगा।
सैनिटाइजर के बॉटल खाली, दोबारा उपलब्ध नहीं कराए
एटीएम के इस्तेमाल के दौरान कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है, इसलिए बैंकों को निर्देश दिए गए थे, कि वे संबंधित एटीएम में सैनिटाइजर की व्यवस्था करें। बैंकर्स ने एटीएम में सैनिटाइजर की व्यवस्था की थी, लेकिन अब अधिकांश एटीएम में रखा सैनिटाइजर खत्म हो चुका है, बॉटल खाली हो चुकी है, किसी किसी एटीएम से बॉटल ही गायब हो चुकी है। एटीएम में दोबारा सैनिटाइजर उपलब्ध कराने की जरुरत है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WC0W0Q
via

Comments