Skip to main content

कैबिनेट सचिव ने ली राज्य की तैयारियों की जानकारी

भारत सरकार के कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने लॉकडाउन-3 के लिए भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने तथा दी जाने वाली रियायतों की समीक्षा की। गौबा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्यों द्वारा बरती जा रही सावधानियों के बारे में जानकारी ली।
कैबिनेट सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों के मुख्य सचिवों से कोरोना महामारी से बचाव एवं इलाज के लिए बनाए गए कंटेंमेंट जोन एवं इसके प्लान के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने राज्यों के जिला अस्पताल में कोविड-19 अस्पताल, आईसोलेशन वार्ड, और प्रतिदिन औसतन की जा रही कोरोना टेस्टिंग के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने मुख्य सचिव से कोरोना प्रभावित जिलों को विभाजित विभिन्न श्रेणी की मैपिंग के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इसी तरह से प्रवासी श्रमिकों की वापसी तथा राज्य में लाने के बाद उनके लिए की जाने वाली व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।
केबिनेट सचिव ने राज्यों के मुख्य सचिवों और स्वास्थ सचिवों से जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लगातार जारी रखने के निर्देश भी दिए। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के दौरान भारत शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा राज्य के डीजी डीएम अवस्थी, एसीएस गृह सुब्रत साहू, स्वास्थ सचिव निहारिका बारिक, श्रम सचिव सोनमणी बोरा और परिवहन सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह शामिल हुए।

अन्य राज्यों से आने वाले जवान व अफसर कर्मी रखे जाएंगे 14 दिन क्वारेंटाइन में

कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए अन्य राज्यों के प्रशिक्षण और ड्यूटी कर छत्तीसगढ़ लौटने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों आैर जवानों को 14 दिन क्वारेंटाइन में रखा जाएगा। स्वास्थ्य सचिव निहारिक बारिक ने इसके लिए सभी विभाग के डीजी को पत्र लिखकर स्वास्थ्य विभाग की इस गाइडलाइन का पालन करने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य सचिव ने इसके लिए सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, इंडियान आर्मी के डीजी को पत्र लिखकर कहा है कि नोवेल कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम हेतु समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी कर बचाव हेतु विभिन्न माध्यमों से सूचित किया गया है।

इस संबंध आपके विभाग में कार्यरत अमलों के प्रशिक्षण-अवकाश-डयूटी व अन्य कार्यों से राज्य से बाहर जाने की जानकारी मिली है। इसलिए यदि वे वापस लौट रहे हैं तो उन्हें क्वारेंटाइन के लिए जारी नियम का पालन किया जाए। पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक जवान और अधिकारी-कर्मचारी बाहर से आते ही पहले जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सूचना देकर अपनी जांच कराएं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Cabinet Secretary informed about the preparations for the state


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2KZB8pS
via

Comments