Skip to main content

जुलाई में खुल सकते है वेंडिंग जोन और चौपाटियां

राजधानी रायपुर में जुलाई से सभी वेंडिंग जोन और चौपाटियां शुरू करने की तैयारी है। एमजी रोड, तेलीबांधा, शंकर नगर, कटोरा तालाब, बूढ़ातालाब आदि जगहों के वेंडिंग जोन में स्मार्ट कार्ट (स्मार्ट ठेले या गुमटियां) ही रहेंगी, यहां से सामान्य ठेले हटा लिए जाएंगे। गुरुवार को निगम मुख्यालय में मेयर एजाज ढेबर ने सभी जोन कमिश्नरों को इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू की जाएं।
सामान्य ठेले हटाकर शहर को ठेलामुक्त करने की मुहिम नगर निगम शुरू करेगा। छोटे-छोटे कारोबारियों को स्मार्ट कार्ट अपनाने के लिए कहा जाएगा। स्मार्ट ठेले की उपलब्धता के लिए निगम की ओर से प्रयास किए जाएंगे। महापौर ढेबर ने बैठक में जोन कमिश्नरों से छत्तीसगढ राज्य शहरी विकास अभिकरण सूडा के कामों की जानकारी ली तथा अधूरे विकास कामों को जल्काद पूरा कराने के निर्देश दिए। महापौर ने निर्देश दिया कि जोनों में सैनिटाईजिंग करवाने वाले लोगों को व्यवस्थित रूप से प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाए। शहर में मुख्य सड़क पुरानी बस्ती से लाखे नगर चौक तक बड़ी संख्या में मवेशी सड़क पर बैठकर यातायात बाधित करते हैं। उन्हें पकड़ने के लिए निगम की ओर से नियमित काऊ कैचर अमला सड़कों पर गश्त करे। गांजी हाउस में भी मवेशियों को रखने की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। मवेशियों को सड़क पर खुला छोड़ने वाले मालिकों पर कार्रवाई भी की जाए।
महिला चौपाटी भी शुरू की जाएगी सुभाष स्टेडियम में
राजधानी की पहली महिला चौपाटी सुभाष स्टेडियम के पीछे शुरू की जानी है। 50 महिला उद्यमियों का पंजीयन किया जा चुका है। महिला चौपाटी शुरू होने ही वाली थी, लेकिन कोरोना लॉकडाउन के कारण योजना पिछले दो महीने से ठप है। मेयर के वेंडिंग जोन खोलने के निर्देश के बाद स्टेडियम की महिला चौपाटी भी शुरू होने का रास्ता खुल गया है। शहर की महिलाएं और गृहणियां आनंद मेले की तर्ज पर स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर बेच सकेंगी। राजधानी में शासकीय स्तर पर यह पहला प्रयास है, जिसमें गृहणियों को एक प्लेटफार्म दिया जा रहा है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर भी बनेंगी और उनकी पाक कला भी निखरेगी। महिलाएं ज्यादातर महिलाएं ऐसे व्यंजन बनाएंगी, जो आमतौर पर वे अपने घर में बनाती हैं। शहर के लोगों को एक ही जगह पर अलग-अलग तरह के व्यंजन मिल सकेंगे। इस चौपाटी की खास बात यह भी होगी कि पंजीकृत महिलाएं अपने व्यंजन का रेट खुद निर्धारित करेंगी। यह पहल महिला उद्ययमियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए की जा रही है। नगर निगम को उम्मीद है कि पहली चौपाटी के आयोजन में रिस्पॉन्स को देखते हुए इसमें शहर की महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Vending zones and Chowpatis may open in July


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WQiZSc
via

Comments