Skip to main content

कटघोरा ब्लाॅक में उद्यान विभाग ने एक्सपायरी डेट का करेला, लौकी, तरोई और टमाटर के बीज बांटे

जिले में उद्यान विभाग ने किसानों को खनिज न्यास मद से एक सप्ताह पहले जो सब्जी बीज किट बांटा है उसकी एक्सपायरी डेट मई 2020 है। इससे किसान अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं। डीएमएफ से विभाग ने 3 करोड़ 43 लाख 20 हजार 38 रुपए में सब्जी बीज की खरीदी की है। एक किट में करेला, मिर्च, लौकी, तरोई, टमाटर का बीज है। दूसरी ओर बीज निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि जांच करने पर ही पता चलेगा कि इसकी आपूर्ति कब हुई थी।
उद्यान विभाग ने सब्जी बीज किट खरीदने के लिए बीज निगम को पत्र लिखा था। बीज निगम ने 12 फर्मों को बीज आपूर्ति करने के लिए आर्डर जारी किया था। पिछले वर्ष की सब्जी बीज किट को मई में बांटा जा रहा है। लेकिन कटघोरा ब्लाॅक में बंटे सब्जी किट की एक्सपायरी डेट मई 2020 है। ऐसे में किसान के लिए यह कोई उपयोगी नहीं रहेगा। उद्यान विभाग के सहायक संचालक एलएल रात्रे भले ही दावा कर रहे हैं कि सब्जी बीज किट का वितरण हो रहा है लेकिन उनके पास अभी तक कोई सूची ही नहीं है। जिले में 25000 किसानों को सब्जी बीज बांटा जाना है । कटघोरा में 4 हजार करतला में 4 हजार, पाली में 4800 बंटना है। पोड़ी उपरोड़ा वह कोरबा ब्लॉक में भी किसानों को सब्जी किट बांटा जा रहा है।
मार्च में एक्सपायरी वाला बीज करतला में बांटा
करतला ब्लाॅक के बासीन में 10 दिन पहले उद्यान विभाग के कर्मचारियों ने किसानों को सब्जी बीज बांटा है। टमाटर बीज का एक्सपायरी डेट मार्च 2020 है। गांव के सूरीतराम राठिया ने बताया कि गांव के 100 से अधिक लोगों को बीज दिया गया है। बाद में पता चला कि यह एक्सपायर हो गया है।
बैग में सीलबंद था बाद में खोलकर देखा, तो पता चला
भिलाईबाजार के किसान टीकमलाल सागर ने बताया कि 10 मई को विधायक पुरुषोत्तम कंवर सब्जी बीज किट बांटने आए थे। उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बैग में सीलबंद बीज किट दिया। जिसे खोलकर देखने पर पता चला कि इसी महीने एक्सपायर हो जाएगा। बारिश के समय सब्जी लगाते लेकिन अब कोई काम नहीं है।
किसानों से आधार कार्ड लेकर दे दिया सब्जी बीज का किट
भिलाईबाजार के ही रत्नेश पांडेय ने बताया कि उद्यान विभाग के कर्मचारी सब्जी बीज किट बांटने आए थे। उस समय सिर्फ आधार मांगकर किट देकर चले गए। गांव के 80 लोगों को सब्जी बीज किट बांटा गया है। जिसमें सभी पैकेट में एक्सपायरी डेट मई 2020 ही लिखा हुआ है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने जांच के लिए सीएम को लिखा पत्र
जिला पंचायत उपाध्यक्ष रीना अजय जायसवाल ने बताया कि सब्जी बीज किट बांटने में गड़बड़ी की शिकायत पहले से ही मिल रही थी। भिलाईबाजार सरपंच ने भी एक्सपायरी डेट वाला सब्जी बीज किट बांटने की लिखित शिकायत की है। इसकी जांच के लिए मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री को पत्र लिखी हूं।
उद्यान विभाग और बीज निगम के अलग-अलग आर्डर
उद्यान विभाग ने बीज निगम के माध्यम से सब्जी बीज किट की खरीदी होना बताया है। दूसरी ओर बीज निगम ने जिन फर्मों को काम दिया था और उद्यान विभाग को जिन्होंने आपूर्ति की उनके अलग-अलग नाम हैं। दोनों ही आपूर्ति करने वाले फर्मों में इंडो बायोटेक लिमिटेड के ही सब्जी किट एक्सपायरी वाले पाए गए हैं। उसे भी बिना देखे ही बांट दिया गया।
सीधी बात
कमलेश ध्रुव, जिला प्रबंधक
सवाल -
ब्लाकों में जो सब्जी बीज बांटा गया है उसकी एक्सपायरी डेट मात्र 20 दिन ही है। यह किसकी गड़बड़ी है।
- देखना पड़ेगा। डिमांड के आधार पर उद्यान विभाग को फर्म बीज आपूर्ति करते हैं। विभाग अपने हिसाब से बीज बांटते हैं। जांच कर ही बता पाऊंगा।
सवाल -किसी भी बीज का एक्सपायरी डेट कम वाला बांटने पर कौन जिम्मेदार होगा।
-रिकार्ड देखकर ही पता चलेगा कि कौन से फर्म ने कब आपूर्ति की और उसका वितरण कब हुआ।
सवाल -एक्सपायरी डेट की जांच होती है कि नहीं। अभी तक भुगतान कितने का हुआ है।
-उद्यान विभाग के अधीक्षकों से बात की जाएगी। भुगतान विभाग ही करता है। हम सिर्फ अनुबंधित फर्मों को आर्डर के अनुसार आपूर्ति करने आदेश देते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
एक्सपायरी डेट की सब्जी बीज किट रखे भिलाईबाजार के किसान


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zESHcB
via

Comments