शहर के दर्रीपारा स्थित संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी परिसर के सेंट्रल बैंक में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात चोरी हो गई। पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। फिर वे आफिस में रखा एक लैपटाप, बायोमेट्रिक मशीन व प्रिंटर लेकर फरार हो गए। लॉकर नहीं टूटने से उसमें रखे करीब सवा 4 लाख रुपए बच गए। सबसे अजीब बात यह है कि यूनिवर्सिटी परिसर में रात की ड्यूटी में एक नगर सैनिक सहित 3 गार्ड थे, लेकिन उनको वारदात की भनक तक नहीं लगी। सूचना पर सीएसपी एसएस पैकरा, टीआई विलियम टोप्पो व मणिपुर चौकी प्रभारी प्रमोद यादव पहुंचे। चोरों ने अंदर का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया था, लेकिन डीवीआर सुरक्षित है।
बैंक में यूनिवर्सिटी का ही ज्यादा होता है लेनदेन
बैंक में यूनिवर्सिटी का ही ज्यादा लेनदेन होता है। यूनिवर्सिटी के गार्ड ही पूरे परिसर की देखरेख करते हैं। रात में तीन सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी थी, लेकिन उनको भनक तक नहीं लगी। सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद तीनों घर चले गए थे।
स्निफर डॉग भी पहुंचा लेकिन नहीं मिला सुराग
पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया था। इसके बाद स्निफर डॉग की मदद ली गई। लेकिन डॉग यूनिवर्सिटी के गेट से निकलकर बाहर आया और अस्पताल रोड पर जाकर भटक गया। ऐसा दो बार हुआ इससे कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सीसीटीवी कैमरे में बैंक के अंदर एक युवक का चला पता
डीवीआर की मदद से पुलिस को एक युवक के बारे में पता चला है। पुलिस ने फुटेज लेकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बैंक के अंदर एक युवक का फुटेज मिला है। संभव हो युवक के दूसरे साथी बाहर में हों। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WuPNjK
via
Comments
Post a Comment