अपने मकान का सपना देखने वालों को हाउसिंग बोर्ड समय पर हैंडओवर नहीं कर सकेगा। 24 माह में बनकर पूरी हो जाने वाली काॅलोनी की बनने की तय समय सीमा भी बीत चुकी है। लेकिन काम पूरा नहीं हो सका है। निर्माण एजेंसी को लॉकडाउन में काम करने को नहीं मिला। पीक सीजन में काम बंद होने से निर्माण की अवधि भी बढ़ेगी। 15 जून के बाद बारिश शुरू हो जाएगी। ऐसे में बारिश से पहले व बारिश के 3 माह तक काम शुरू हो पाना मुश्किल है। इसे देखते हुए यहां मकान बुक कराने वालों को अपना घर पाने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
बता दें कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संभाग- कोरबा का एक मात्र आवासीय प्रोजेक्ट जिले में चल रहा है। अटल विहार योजना अंतर्गत झगरहा में अलग-अलग आकार के 301 मकानों की बुकिंग लोगों ने कराई थी। इसके अनुसार मंडल ने निर्माण की प्रक्रिया अनुबंध के बाद शुरू कराई थी। इस प्रोजेेक्ट का निर्माण डीवी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड नामक एजेंसी ने 14 मई 2018 को काम शुरू कर दी थी। फर्म को बारिश के मौसम के साथ 24 माह में काम पूरा करना था। अनुबंध के अनुसार 14 मई 2020 को काॅलोनी के मकान बनकर तैयार हो जाने थे। लेकिन एजेंसी के सामने लॉकडाउन की बाधा आ गई। 22 मार्च से प्रोजेक्ट का काम ठप पड़ा है, हालांकि भवनों का काफी काम हो चुका है।
मकान बुकिंग कराने वालों की गृह प्रवेश की प्लानिंग हुई फेल, देना पड़ रहा किराया
एमपीनगर में किराए के मकान में रहने वाले सुरेन्द्र कश्यप ने बताया कि झगरहा प्रोजेक्ट में एलआईजी मकान बुक कराए हैं। समय पर काम पूर्ण हो जाएगा सोच कर गृह प्रवेश की प्लानिंग कर लिए थे। लॉकडाउन के कारण आगे भी उन्हें किराए में ही रहना पड़ेगा। निर्माण कार्य बंद हैं, कब शुरू होंगे इसमें भी संशय है। समय पर मकान हैंडओवर होने से नवंबर में पूजा पाठ के साथ गृह प्रवेश हो जाएगा यह सोच कर परिवार के सभी सदस्य उत्साहित थे।
लॉकडाउन के कारण निर्माण कार्य पूरा होने में लगेगा अधिक समय : ईई
हाउसिंग बोर्ड के ईई एलपी बंजारे बताया कि लॉकडाउन के कारण अटल विहार योजना झगरहा के प्रोजेक्ट मेें विलंब होगा। अभी काम बंद है, कब शुरू होगा यह भी अभी नहीं कहा जा सकता है। ऐसे में बुकिंग कराने वाले हितग्राहियों को हैंडओवर के लिए इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि लॉकडाउन खुलने पर निर्माण कार्य में तेजी लाने एजेंसी को कहा जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/367OWZp
via
Comments
Post a Comment