नेट यूज डेढ़ जीबी से चार जीबी तक बढ़ा, युवा 8 घंटे बिता रहे नेट पर, रात 11 से सुबह 4 बजे तक सबसे ज्यादा इस्तेमाल
सुमय कर। लॉकडाउन में जब मॉल-थिएटर, खेल मैदान, स्टेडियम, कोर्ट, स्वीमिंग पूल बंद हैं, तब यूथ ऑनलाइन गेम्स और वेब सीरिज देखकर अपना समय बिता रहा है। साइबर एक्सपर्ट के सर्वे में यह जानकारी सामने आई है कि सामान्य दिनों में इंटरनेट का इस्तेमाल औसत 5 घंटे होता था, जो बढ़कर 8-10 घंटे पहुंच चुका है। इतना ही नहीं, औसत डेढ़ से दो जीबी इंटरनेट डाटा खपत अब चार जीबी पहुंच चुका है। हैरानी की बात यह है कि लॉकडाउन में लोगों के रूटीन में भी बड़ा बदलाव आया है। रात 11 बजे के बाद डाटा ट्रैफिक कम होने लगता था, जबकि लॉकडाउन पीरियड में रात 11 से सुबह 4 बजे तक सबसे ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल हो रहा है। इनमें ज्यादातर युवा है। इसके बाद सुबह 9 से 11 बजे का समय है। दोपहर 3 से शाम 7 तक सबसे कम इंटरनेट का इस्तेमाल होता है।
ई-स्पोर्ट्स के मार्केट में काफी ग्रोथ
सायबर एक्सपर्ट मोनाली गुहा के मुताबिक इन दिनों ई-स्पोर्ट्स का मार्केट काफी बढ़ा है। ऑनलाइन सर्वे में मोनाली ने पाया कि लोग रोजाना 8 से 10 घंटे का समय गेम्स खेलते हुए बिता रहे हैं। छत्तीसगढ़ में यूथ इन दिनों लूडो किंग, पब्जी और एस-2 थ्री खेलते दिख रहे हैं। प्रदेश में वीडियो गेम्स की एक्टिविटी में लगभग 65% का इजाफा हुआ है। 35 फीसदी लोग केवल वीडियो कॉलिंग और न्यूज के लिए डाटा का उपयोग कर रहे हैं। लगभग 5000 लोगों से हुए सैंपल सर्वे के अनुसार 80% लोग लूडो किंग गेम डाउनलोड कर रहे हैं। 75% युवाओं का समय पब्जी खेलते निकल रहा है।
रेसिपी से लेकर बीयर कैसे बनती है यह भी देख रहे
साइबर एक्सपर्ट मोहित साहू के मुताबिक लॉकडाउन पीरियड में यूथ ही नहीं सभी वर्ग के लोगों में इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ा है। यू-ट्यूब पर जहां अलग-अलग रेसिपी सबसे ज्यादा सर्च की गई और देखी गई तो एक ऐसा भी वर्ग है, जो घर में शराब या बीयर कैसे बनाएं यह भी देख रहा था। यह भी काफी ट्रेंड कर रहा था।
16 साल से कम उम्र के बच्चों में सोशल मीडिया का इस्तेमाल 64% बढ़ा
हैमर कॉफ कंज्यूमर की ओर से किए गए सर्वे के अनुसार लोग सोशल मीडिया में रोजाना 4 से 5 घंटे का समय खर्च कर रहे हैं। आम दिनों के मुकाबले ये 87% ज्यादा है। लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में बंद हैं। इसका सीधा असर उनकी दिनचर्या पर भी पड़ा है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल सबसे ज्यादा करने वाला एज ग्रुप 16 साल से नीचे का है। 16 साल या उससे कम उम्र के 64% बच्चे सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। 16 से 24 साल के बच्चों में 54% का इजाफा हुआ है। प्रदेश में सीनियर सिटीजन सबसे ज्यादा न्यूज एप्स या फिर वीडियो वेबसाइट को सर्च कर रहे हैं।
पहली बार लूडो ने पब्जी को पछाड़ा, 10 घंटे तक खेल रहे गेम
यूथ टीम गेम में लूडो और पब्जी में आठ से दस घंटे का समय बिता रहा है। लूडो ने पब्जी को पछाड़ दिया है। कई ऐसे भी खिलाड़ी हैं, जो ऑनलाइन गेम्स के जरिए चैरिटी भी जुटा रहे हैं। साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक ऑनलाइन गेम्स एक्टिविटी में 65 फीसदी का इजाफा हुआ है। लॉकडाउन के पहले छत्तीसगढ़ में इसकी संख्या 35 फीसदी थी। ओटीटी प्लेटफॉर्म सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जिसमें लोग मूवी से ज्यादा वेब सीरीज को पसंद कर रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XgHM13
via
Comments
Post a Comment