Skip to main content

सप्ताह में 6 दिन व्यापार, नगरों-कस्बों में अलग-अलग दिन रहेगा लॉकडाउन

लाॅकडाउन-4 की मियाद खत्म होने को है और लाॅकडाउन-5 शुरू होने से पहले व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। इसके तहत जिला प्रशासन ने अब सप्ताह में 6 दिन दुकानें खोलने और बाजार के बंद होने का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अब दुकानें सुबह 7 से शाम को 7 बजे तक खुली रहेंगी जबकि पहले 6 बजे तक ही खुल रही थीं।
इसी तरह जिले के हर ब्लाक में अलग-अलग दिन टोटल लाॅकडाउन रखने का निर्णय लिया गया है। इसके पहले शनिवार रविवार टोटल लॉकडाउन होने से 5 दिन ही दुकानें खुल रहीं थीं। बंद के दिन किराना दुकानें नहीं खुलेंगी, केवल सब्जी, डेयरी और मेडिकलस्टोर्स ही खुले रहेंगे। बलौदाबाजार शहर में शुक्रवार को टोटल लाॅकडाउन तय किया गया है वहीं भाटापारा विकासखंड में मंगलवार, सिमगा विकासखंड में बुधवार, पलारी विकासखंड में शनिवार, कसडोल विकासखंड में शनिवार तथा लवन शहर में बुधवार को पूर्ण लाॅकडाउन रहेगा।
पहले समूचे बलौदाबाजार जिले में शनिवार और रविवार को दो दिन का टोटल लाॅकडाउन किया जा रहा था। सप्ताह में 6 दिन बाजार खुलने से अब व्यापारियों को काफी राहत मिली है। इसके साथ ही एक घंटे दुकान बंद करने का समय बढ़ाए जाने से भी व्यापारियों में हर्ष है।
कलेक्टर सुनील जैन ने कहा कि टोटल लाॅकडाउन और दुकान खोलने व बंद करने को लेकर शासन की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है। व्यापारिक संगठनों को हमने इससे अवगत भी करा दिया है। शाम 7 बजे दुकानें बंद हो जाएंगी। सभी व्यापारिक संगठन नई गाइड लाइन का पालन करें। सोशल डिस्टेसिंग और टेक अवे के नियमों का ख्याल सभी को रखना होगा।
शहर में शुक्रवार को बाजार बंद रखने का निर्णय
चैंबर आफ कामर्स ने शुक्रवार को नवपदस्थ कलेक्टर सुनील कुमार जैन तथा एसपी प्रशांत ठाकुर से मुलाकात कर उन्हें जिले के सभी शहरों के बाजारों को उनके साप्ताहिक अवकाश के दिन ही बंद रखने की अपील की थी। संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से कहा कि बलौदाबाजार शहर में शुक्रवार के दिन बाजार बंद रखने की परंपरा रही है। इस मांग को कलेक्टर ने मानते हुए शहर में शुक्रवार के दिन संपूर्ण लाॅकडाउन करने का आदेश दिया। इस पर चेम्बर ने कलेक्टर का आभार माना। चेम्बर के अध्यक्ष जुगल भट्टर ने कहा कि अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है, इसलिए सभी व्यापारी अपना और अपने ग्राहकों का पूरा ध्यान रखते हुए व्यापार करें। सैनिटाइजर और मास्क का इस्तेमाल करें।
हाथ पर हाथ धरे बैठे आॅटो चालकों को भी राहत
विगत दो माह से हाथ पर हाथ धरे बैठे आॅटो चालकों के लिए राहत भरी खबर आई है। लॉकडाउन-4 में शासन की तरफ से कई छूट जारी होने के बाद कलेक्टर ने शहर में भी ऑटो चलाने की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन के मुताबिक दोपहिया और चारपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। वहीं कलेक्टर का भी स्पष्ट रुख है कि गाइड लाइन में स्पष्ट उल्लेख होने से ऑटो संचालन पर कोई रोक नहीं है।

इन दिनों में यहां रहेगा लॉकडाउन
बलौदाबाजार - शुक्रवार
भाटापारा - मंगलवार
सिमगा व लवन - बुधवार
पलारी व कसडोल - शनिवार



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
लाॅकडाउन के संबंध में एसपी से भी मिला चैंबर का प्रतिनिधिमंडल।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ci0g6A
via

Comments