Skip to main content

6 कोरोना मरीज मिलने के बाद जिले में 3 कंटेनमेंट जोन घोषित

जिले में रविवार को 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिले के 3 इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। प्रशासन ने जिन स्थानों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है, उसमें पॉजिटिव संक्रमित मरीज के आवास स्थल, जिला अस्पताल एवं ग्रामीण स्तर के 3 संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटरों शामिल है‌ं।
कलेक्टर ने रविवार रात में ही एक आदेश जारी कर प्रत्येक कंटेनमेंट जोन में जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त करते हुए नियमों का कठोरता से पालन करने को कहा है। आदेशानुसार लवन का सरकारी कॉलेज एवं इसके निकट इलाके, बलौदाबाजार ब्लॉक के ग्राम धाराशिव का प्राथमिक स्कूल एवं इसके निकट के इलाके तथा दरचुरा (सिमगा) के हाईस्कूल एवं इसके निकट इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार इन कंटेनमेंट जोनों में अत्यावश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं तथा स्वास्थ्यगत आपात स्थितियों को छोड़कर किसी के भी आने-जाने पर पूर्णतः पाबंदी रहेगी। कंटेनमेंट क्षेत्र के निवासी बिना सक्षम अनुमति के अपने घर से बाहर नहीं निकलेंगे। उक्त चिह्नांकित क्षेत्र में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। अर्थात इन क्षेत्रों की दुकानें, कार्यालय एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठान अगले आदेश तक बंद रहेंगे। जोन अंतर्गत सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यदि जरूरत हुआ तो अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। प्रभारी अधिकारी आवश्यक सामानों की पूर्ति घर पहुंच सेवा के जरिये उचित दरों पर की जाएगी। सीएमएचओ द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं सैंपल कलेक्शन किया जा सकेगा। कंटेनमेंट जोन की नियमित निगरानी पुलिस पेट्रोलिंग टीम करेगी।
व्यवस्था के लिए अफसरों को दिया जिम्मा
कंटेनमेंट जोनों में आवश्यक व्यवस्था के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंटेनमेंट जोनों को सील करने एवं गश्त करने की व्यवस्था करने की जवाबदारी एसपी को दी गई है। केवल एक प्रवेश एवं एक निकास द्वार की व्यवस्था बनाते हुए बेरिकेडिंग के लिए ईई लोक निर्माण विभाग, सैनिटाइजेशन व्यवस्था के लिए नगरीय निकाय अथवा जनपद पंचायत, घरों का एक्टिव सर्विलांस, दवा, मास्क, पीपीई किट, बायो मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सीएमएचओ, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए संबंधित एसडीएम एवं इंसिडेंड कमांडर, आरोग्य सेतु एप्प का शत-प्रतिशत कवरेज ईडीएम चिप्स तथा जोन में कार्य कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों के लिए लघु विश्राम व्यवस्था के लिए नगरीय निकाय के सीएमओ अथवा ग्रामीण क्षेत्र के लिए सीईओ को जवाबदारी दी गई है।
कलेक्टर ने अफवाह से बचने की अपील की
कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने सभी जिले वासियों के लिए एक वीडियो जारी कर अपील की है। उन्होंने कहा है कि आप सभी घबराएं नहीं। अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दे। सोशल मीडिया में किसी भी तरह भ्रामक जानकारी पर ना ही विश्वास करे ना ही उन संदेशों को ना फैलाए। आप सभी लोग केवल सतर्कता एवं सावधानी बरतें। अनावश्यक रूप से आप सभी घर के बाहर ना निकले। बच्चों एवं बुजुर्गों का ध्यान रखे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dXkSCl
via

Comments