नेटवर्किंग सहित संसाधन की कमी के बावजूद सरगुजा जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी लॉकडाउन के बीच शुरू हुई ऑनलाइन पढ़ाई करने में प्रदेश में सबसे आगे हैं। शिक्षा विभाग के माध्यम से पढ़ाई तुहर दुआर पोर्टल से विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई पिछले दिनों शुरू हुई है। इसमें विद्यार्थी व शिक्षकों का पंजीयन किया जा रहा है।
इसके तहत सिस्को वेव एक्स एप से शिक्षक ऑनलाइन क्लास ले रहे हैं। इसमें पहली से 12वीं के विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ होमवर्क दिया जा रहा है। छात्र भी इसे पूरा कर काॅपी की फोटो खींचकर अपलोड कर रहे हैं। इसमें सरगुजा जिले के छात्र प्रदेश में सबसे आगे हैं। अब तक 5 हजार से अधिक छात्र होमवर्क पूरा कर अपलोड कर चुके हैं और 3 हजार से अधिक छात्रों की काॅपियां जांची जा चुकी हँ। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर जैसे बड़े जिले तो इससे काफी पीछे हैं। रायपुर जिले में सिर्फ 19 सौ छात्र ही होमवर्क पूरा कर पाए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा इसकी रोज मॉनीटरिंग की जा रही है।
इस तरह शिक्षक व छात्र कर रहे काम
ऑनलाइन पढ़ाई के लिए शासन के सीजी स्कूल डॉट इन पोर्टल से पूरे प्रदेश के लिए होमवर्क दिया जाता है। इसके अलावा सरगुजा जिले में टेलीग्राम व वाट्सएन ग्रुप में शिक्षक अपने छात्रों को जोड़कर पढ़ा रहे हैं। जिला स्तर पर विशेषज्ञ शिक्षक भी अलग-अलग क्लास ले रहे हैं। पंजीकृत छात्रों को पासवर्ड व आईडी शेयर किया जाता और वे सिस्को वेव एक्स एप से इस पर पढ़ाई कर रहे हैं।
इसे और आगे ले जाना है: डॉ. संजय
राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला मिशन समन्वयक डाॅ. संजय सिंह कहते है कि हम प्रदेश में सबसे आगे तो हैं लेकिन इसे और बढ़ाना है। आने वाले समय में इसका लाभ मिलेगा। इसलिए छात्रों के पंजीयन का काम जारी है। शिक्षकों को वाट्सएप ग्रुप बनाकर संबंधित एप के माध्यम से नियमित क्लास लेने निर्देश किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fzwvkx
via
Comments
Post a Comment