राजधानी में सोमवार को 55 दिन बाद लगभग सभी बाजार खुले और लोगों की भीड़ भी उमड़ गई है। हालांकि बाजार खुलने का सिस्टम पहले दिन ही गड़बड़ा गया। लेफ्ट-राइट के नियम में कारोबारी उलझ गए। मालवीय रोड, एमजी रोड, सदर बाजार, गुढ़ियारी, हलवाई लेन, बंजारी रोड, केके रोड, कटोरातालाब और स्टेशन रोड समेत कई जगहों के कारोबारी दुकानें खोलने को लेकर असमंजस में रहे कि किस ओर की दुकानें खोलनी हैं और किस ओर की बंद रखना है? इसे लेकर दिनभर विवाद होता रहा। मंगलवार से खुल रहे कर्मशियल कांप्लेक्स भी विवादों के बीच खुल रहे हैं।
शहर के सभी शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे, लेकिन कमर्शियल कांप्लेक्सों को दुकानें खोलने की छूट दे दी गई है। इन सभी कांप्लेक्स को कुल क्षमता की केवल 40 फीसदी ही दुकानें खुलने की अनुमति दी गई है। इस वजह से सबसे ज्यादा विवाद इन कांप्लेक्स के दुकानदारों के बीच हो रहा है। कौन सी दुकान कब और कैसे खुलेंगी? यह तय नहीं हो पा रहा है। एक कांप्लेक्स में 100 या उससे ज्यादा दुकानें हैं ऐसे में केवल 40 दुकानें खोलने को लेकर विवाद हो रहा है। सोमवार को लाल गंगा शॉपिंग मॉल, रवि भवन, एमजी रोड के कई कांप्लेक्स समेत कई जगहों पर व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें उन दुकानदारों की सूची बनती रही जिन्हें मंगलवार को खोलने की अनुमति देनी है।
सुबह से शाम तक पेट्रोलिंगफिर भी कई सड़कों पर जाम
बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस की गाड़ियां सुबह से शाम तक घूमती रहीं। हर प्रमुख बाजार की सड़क पर पुलिस के सायरन गूंजते रहे। इसके बाजवूद मालवीय रोड में कई जगह जाम लगता रहा। गोलबाजार थाने के सामने तो हर थोड़ी देर में गाड़ियां जाम में फंस रही थीं। पुलिस का अमला ट्रैफिक संभालने के अलावा दुकानें बंद करवाने में जुटा रहा। कटोरा तालाब, स्टेशन रोड, तेलघानी नाका और कुछ जगहों पर दुकानों के खुलने वाले दिन को लेकर पुलिस और कारोबारियों के बीच विवाद भी हुआ।
रजिस्टर रख ही नहीं रहे हैं
नए नियमों के अनुसार कारपेंटर, प्लंबर, एसी मेकेनिक, इलेक्ट्रिशियन को काम के दौरान एक रजिस्टर भी रखना है। इस रजिस्टर में उन्हें उन सभी जगहों के नाम-पते नोट करना है जहां वे काम कर रहे हैं या करने वाले हैं। सोमवार को इस तरह का काम करने वाले व्यक्तियों के हाथों में रजिस्टर दिखाई नहीं दिए। रजिस्टर की जांच करने का सिस्टम नहीं होने की वजह से मैकेनिक इस नियम को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे हैं।
सभी कारोबारी संगठन खुश
शहर में लगभग सभी बाजार खुलने के बाद व्यापारिक संगठन खुश हैं। चैंबर अध्यक्ष जितेंद्र बरलोटा, ललित जैसिंघ, रमेश गांधी, लालचंद गुलवानी, प्रकाश अग्रवाल आदि ने कहा कि इससे कारोबार में तेजी आएगी। लोगों को भी परेशानी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ कैट के प्रदेशाध्यक्ष अमर पारवानी, विक्रम सिंहदेव, परमानंद जैन और अजय अग्रवाल ने कहा कि बाजार को बड़ी ऑक्सीजन मिली है। इससे सभी वर्गों को फायदा होगा। विप्र चैंबर के अध्यक्ष श्याम शर्मा ने कहा कि बाजारों को खोलने के फैसले से आर्थिक मंदी दूर होगी। प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि जितनी दुकानों को खोलने की अनुमति मांगी गई थी सबको मिली।
बाजारों से लाइव
- एमजी रोड, सदर बाजार, हलवाईलेन, बंजारी रोड, केके रोड, जीवन बीमा मार्ग, कटोरातालाब, शंकरनगर, तेलीबांधा, भाटागांव रोड, गुरुनानक चौक से स्टेशनरोड, बढ़ईपारा, रामसागरपारा, तेलघानी नाका और तात्यापारा में मंगलवार से दुकानें खुलनी थीं, लेकिन यहां सोमवार को ही कई कारोबारियों ने दुकानें खोल ली।
- मालवीय रोड में सोमवार को कोतवाली चौक से गोलबाजार थाने की ओर की दुकानें खुलनी थीं, लेकिन कई कारोबारियों ने जवाहर बाजार की ओर की भी दुकानें खोल ली।
- पुरानी बस्ती से लाखेनगर चौक एवं महादेव घाट तक, सिध्दार्थ चौक से संतोषीनगर चौक एवं बोरियाखुर्द तक भी कोई सिस्टम नहीं बन पाया। यहां भी दुकानें लेफ्ट-राइट दोनों ओर खुल गईं।
"जिन बाजारों को जिस दिन खोलने की अनुमति दी गई है केवल उसी दिन में खोलना है। इसके अलावा दुकानें खुली तो उन्हें सील कर दिया जाएगा। पुलिस लगातार बाजारों में जाकर जांच कर रही है।"
-डॉ. एस भारतीदासन, कलेक्टर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZbziuC
via
Comments
Post a Comment