एक माह पहले तक प्रदेश में कोरोना हॉट स्पॉट रहे कटघोरा नगर के कंटेंनमेंट जोन वार्ड 3, 10 व 11 में 16 अप्रैल के बाद से कोई भी नया कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है। स्थिति सामान्य हो गई। बुधवार को वहां से कंटेंनमेंट जोन को छोड़कर पूरे नगर से कंपलीट लॉकडाउन भी हटा लिया गया। अब कटघोरा के सभी कोरोना पॉजिटिव व क्वारेंटाइन में रखे गए लोग घर लौट चुके हैं। लेकिन नहीं लौटे हैं तो वे बांगो बटालियन के 170 पुलिस जवान है। जिन्हें कटघोरा में 4 अप्रैल को पहला संक्रमित मिलने के बाद 5 अप्रैल को तैनात किया गया था। इन जवानों के साथ ही उनके परिजनों को उम्मीद थी कि कटघोरा में स्थिति सामान्य होने के साथ ही उनकी वापसी हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 1 माह के बाद अब कंटेंनमेंट जोन में 60 जवानों के साथ ही कटघोरा में कुल 90 जवान ड्यूटी पर डटे हैं। वहीं नगर के अन्य पाइंट से हटे 80 जवानों को क्वारेंटाइन सेंटर व बैरियर (चेकपोस्ट) में शिफ्ट करके तैनात किया गया है। दूसरी ओर इन 170 जवानों के परिजन उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है।
जवान मुस्तैद, उनकी सेफ्टी का है पूरा ख्याल
एसपी अभिषेक मीणा ने बताया कि कोरोना के लिए जिले में पुलिस जवान मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे हैं। कटघोरा के कंटेंनमेंट जोन में प्रर्याप्त अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। वहीं क्वारेंटाइन सेंटरों व बैरियर में भी पुलिस जवान ड्यूटी कर रहे हैं। उनकी सेफ्टी का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
दो कंपनी पुलिस लाइन की, 30 जवान बांगो से
कटघोरा समेत क्वारेंटाइन सेंटर व बैरियर में बांगो बटालियन के जो 170 जवान तैनात है उनमें से दो कंपनी पुलिस लाइन से भेजी गई है। जिसमें करीब 70-70 जवान है। वहीं 30 जवान बांगो स्थित बटालियन के हेड क्वार्टर से उपलब्ध कराया गया है। पुलिस लाइन समेत हेड क्वार्टर में रहने वाले ज्यादातर जवानों ने परिवार लाकर स्थानीय क्षेत्र में रखा है। पुलिस लाइन के पास ही गोकुलनगर हाउसिंग बोर्ड में एक दर्जन से अधिक जवान का परिवार रहता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zG8urN
via
Comments
Post a Comment