जिले में कोराना संक्रमण को रोकने जगदलपुर शहर स्थित संजय मार्केट में सब्जी दुकानों के संख्या को कम से कम करने का निर्णय लिया था। इस निर्णय के अनुसार गोल बाजार में लगने वाली सब्जी बाजार को छोड़कर शहरवासियों के सहूलियत को ध्यान में रखते हुए शहर के लालबाग, बोधघाट चौक, धरमपुरा के शास्त्री बाजार और कुम्हारपारा के फिरंता मार्केट में सब्जी दुकान लगाने का निर्णय लिया गया था। जिससे शहरवासियों को उनके निवास स्थान के आस-पास सब्जी उपलब्ध हो सके। लेकिन जिला प्रशासन की यह कोशिश सफल नहीं हो रही है। हालत यह है कि लॉकडाउन के 50 दिन बाद भी धरमपुरा के शास्त्री बाजार में सब्जी खरीदने वालों की संख्या लगातार कम हो रही है। कुम्हारपारा के फिरंता बाजार में पहले से कम लोग सब्जी खरीदने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बोधघाट में सब्जी खरीदने वाले लोग उम्मीद के मुताबिक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे हैं जिससे खाली बैठे दुकानदार भी परेशान हैं।
नगर निगम आयुक्त अरविंद एक्का ने कहा कि संजय बाजार में लोगों की भीड़ कम हो इसके लिए यह व्यवस्था की गई थी। पता करते हैं कि सब्जी विक्रता निर्धारित जगहों पर क्यों नहीं बैठ रहे हैं । समझाइश देकर उन्हें तय जगह पर बैठने के लिए कहा जाएगा। संजय बाजार में सब्जी की थोक मंडी है। यहां से सब्जी ले जाकर बेचने पर कुछ ज्यादा पैसे ले रहे हैं, यह जानकारी मिली है।
फिरंता और शास्त्री बाजार को बनाने में खर्च किए गए 70 लाख रुपए: लोगों को सब्जी-फल के साथ ही अन्य खाद्य सामग्रियों को खरीदने के लिए ज्यादा लंबी दौड़ नहीं लगानी पड़े इसलिए शहरी विकास अभिकरण के माध्यम से शास्त्री और फिरंता बाजार का निर्माण कराया गया है। 70 लाख रुपए में बनाए गए इन दोनों मार्केट में करीब 150 से अधिक दुकानदारों के लिए चबूतरे का निर्माण करवाया गया है। लेकिन इसमें 50 से भी कम व्यवसायी अपनी दुकान लगा रहे हैं।
लोग बोले- रेट अधिक ताजी सब्जियां नहीं मिलतीं
संजय बाजार को छोड़कर अन्य जगहों पर सब्जी नहीं खरीदने को लेकर जब लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा जिला प्रशासन ने शहर के लोगों को राहत देने के लिए यह अच्छी पहल की थी। लेकिन इस योजना को सब्जी दुकानदार ही फेल कर रहे हैं। संजय बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे आशीष कुमार, रंजीत, सुरेश तथा रजनीश ने बताया कि संजय बाजार और फिरंता बाजार में बिक रही सब्जियों के रेट पर करीब डेढ़ से दो गुने का अंतर है। इसके अलावा इस बाजार में सब्जियां ताजी नहीं मिल रही है। जिसके चलते वे संजय बाजार से ही सब्जी खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इधर जब फिरंता बाजार के सब्जी विक्रेताओं से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह बात सही है मांग कम होने से ज्यादा सब्जी नहीं लाते हैं कुछ सब्जियों के रेट ज्यादा हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dGf4gx
via
Comments
Post a Comment