Skip to main content

कोलकाता फ्लाइट रद्द, दिल्ली से 3, हैदराबाद और बेंगलुरु से एक-एक विमान रायपुर पहुंचे

करीब दो महीने के लॉकडाउन के बाद सोमवार को दिल्ली से पहली फ्लाइट रायपुर आई। इस विमान में 82 यात्री रायपुर पहुंचे। इसी विमान से 136 यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए, जिसमें 10 दिन का एक बच्चा भी शामिल रहा, जो अपने दादा की गोद में था। कुल 5 फ्लाइट्स रायपुर पहुंची, जिसने 10 उड़ानें भरीं। दिल्ली से 3, हैदराबाद और बंगलुरू से 1-1 फ्लाइट पहुंची। इन्हीं शहरों के लिए उड़ाने वापस रवाना हुईं। पहला विमान सुबह 9 बजे दिल्ली से 82 लोगों को लेकर रायपुर आया। 136 लोग
रायपुर से दिल्ली रवाना हुए, 41 लोग हैदराबाद की फ्लाइट से आए, 65 लोग हैदराबाद के लिए रवाना हुए। दोपहर 3 बजकर 12 मिनट पर बंगलुरू से फ्लाइट रायपुर एयरपोर्ट पर 153 यात्रियों को लेकर आई। शाम 4 बजकर 35 मिनट पर 47 लोग बंगलूरू रवानाहुए। इसके बाद फिर एक विमान दिल्ली से रायपुर आया, रायपुर से दिल्ली के लिए भी फ्लाइट रवाना हुई। कुछ देर बाद एक और विमान दिल्ली से ही आया और दिल्ली रवाना भी हुआ।
कोलकाता फ्लाइट रद्द
रायपुर पहुंचने वाली सबसे पहली फ्लाइट कोलकाता की ऐन समय पर रद्द कर दी गई। सुबह 7.55 को कोलकाता से रायपुर पहुंचने वाला यह विमान कोलकाता से ही उड़ान नहीं भर सका। अम्फान तूफान की वजह से कोलकाता एयरपोर्ट में पानी भरा हुआ है इसलिए वहां से उड़ानें अभी शुरू नहीं हो पा रही हैं।
आज से एयर इंडिया की भी उड़ान शुरू होगी
एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली उड़ान 26 मई से शुरू होगी। दिल्ली से यह फ्लाइट सुबह 8.15 को रायपुर पहुंचेगी और यहां से 10.15 को दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट हफ्ते में 4 दिन मंगल, बुध, शुक्र और रविवार को चलेगी।
दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों से भरवाए फॉर्म
दूसरे शहरों से आने वाले सभी यात्रियों से एक फॉर्म एयरपोर्ट के अंदर ही भरवाया गया। इसके लिए लाउंज परिसर में ही कई काउंटर बनाए गए थे। इसमें यात्री का नाम, पता, मोबाइल नंबर समेत कई तरह की जानकारी ली गई।
पहली बार एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर ग्लास की दीवार
एयरपोर्ट में केवल उन्हीं यात्रियों को प्रवेश दिया गया, जिन्होंने मास्क पहना और जिनके मोबाइल पर आरोग्य सेतु डाउनलोड था। मास्क, एप और टिकट की जांच के लिए पहली बार महिला सुरक्षा कर्मी कांच की दीवार के पीछे खड़ी थी। यात्री इस दीवार के सामने खड़े होकर दस्तावेजों का जांच कराते और अंदर जाते। यह सिस्टम पहली बार बनाया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Kolkata flight canceled, 3 from Delhi, one each from Hyderabad and Bengaluru reached Raipur


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3efDNsn
via

Comments