Skip to main content

कोराेना पॉजिटिव मरीज 200 लोगों के संपर्क में आया, सैलून व घर-घर जाकर बाल-दाढ़ी बनाए

शुक्रवार की रात हल्दीबाड़ी में 28 वर्षीय युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट रायपुर से पॉजिटिव आई। इसके बाद से जिले में हडकंप मच गया। युवक उत्तरप्रदेश से अपनी पत्नी को लेने गया था। अफसरों के मुताबिक लौटने के बाद उसे सेंटर क्वारेंटाइन में रखने की बजाय एक जनप्रतिनिधि की सिफारिश पर उसे होम क्वारेंटाइन में रखा गया।
इन सात दिनों में युवक 200 से अधिक लोगों के संपर्क में आया है। इतना ही नहीं हद तो तब हो गई जब वह घर में रहने की बजाय एक हफ्ते तक एक किलोमीटर दूर अपने सैलून में लोगों के बाल और दाढ़ी बनाता रहा। इससे जिले के लिए और खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने अब संक्रमित युवक के घर के चारों ओर 3 किलोमीटर तक बैरिकेट्स लगाकर पुलिस तैनात कर दिए हैं। प्रशासनिक अफसरों का यह भी कहना है कि राजनीतिक दबाव के चलते आज हमारा चिरमिरी ग्रीन से रेड जोन बन गया है। यदि राजनीतिक दबाव नहीं होता तो आज यह हालात नहीं होते। संक्रमित नाई ने 7 दिनों के भीतर हल्दीबाड़ी में कई लोगों के घरों में जाकर न सिर्फ हेयर कटिंग और सेविंग की, बल्कि पार्षदों और आसपास के युवाओं के भी संपर्क में रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि जनप्रतिनिधि की ही सिफारिश पर युवक को यूपी जाने व आने की मंजूरी मिली थी। इतना ही नहीं उसे सेंटर क्वारेंटाइन की बजाए होम क्वारेंटाइन में रखा। अब इस लापरवाही का खामियाजा जिले को भुगतना पड़ रहा है।
रिपोर्ट आते ही भागा युवक नाकाबंदी करके पकड़ा
बता दें कि युवक चिरमिरी से यूपी फतेहपुर अपनी पत्नी को लेने गया था। वह 8 मई को लौटा है। उसे होम क्वारेंटाइन करने के बाद प्रशासन लापरवाह हो गया। इसी बीच युवक कई लोगों के संपर्क में आया। कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट की खबर फैलते ही युवक घर से भाग गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार देर रात को नाकाबंदी कर पकड़ा।
हल्दीबाड़ी मैदान पहुंचकर क्रिकेट भी खेला
युवक पहले से ही निजी क्लिनिक में बुखार का इलाज करा रहा था। इससे डाॅक्टर भी संपर्क में आए। यूपी से लौटने के बाद युवक दोस्तों और कई ग्राहकों के संपर्क में लगातार 7 दिन रहा। लॉकडाउन के दौरान निगम एमआईसी सदस्य के साथ वह हल्दीबाड़ी मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। वार्ड-19 के पार्षद के अलावा हल्दीबाड़ी का एक और पार्षद भी उसके संपर्क में रहे।
72 लोग क्वारेंटाइन, 57 का रैपिड टेस्ट निगेटिव
प्रशासन ने कोरोना पॉजिटिव युवक के परिजन, निगम के 2 पार्षद समेत 72 लोगों को क्वारेंटाइन कर अलग-अलग सेंटर में रखा है। इनमें 5 साल के बच्चे से लेकर 65 साल के बजुर्ग तक को शामिल किया गया है। प्रशासन ने मरीज के संपर्क में आने वाले सभी 57 की सूची तैयार कर ली है। इनका सबका रैपिड टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आया है।
मरीज के घर से 3 किलोमीटर तक इलाका किया सील
हल्दीबाड़ी को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। शनिवार सुबह होते ही 3 किलोमीटर क्षेत्र को सील किया गया है। मरीज का घर गुप्ता पेट्रोल पंप के पास है। यहां पूरब से हल्दीबाड़ी शमशान घाट, पश्चिम में ईंटा भठ्ठा, उत्तर दिशा में भुरकुंडी घाट व दक्षिण से सीताकुंड के पास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को कन्टेंमेंट जोन घोषित किया गया है। 14 दिन तक यह इलाका सील रहेगा।
मरीज को बार्डर पार करने से रोका था, इधर लापरवाही
अब तक जहां अपने जिले से दूसरे जिला जाने मंजूरी लेने में पसीना छूट रहा है, वहीं 12 मई को घुटरीटोला चेकपोस्ट पर इलाज कराने जा रहे बुजुर्ग मरीज को रोकने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर युवक को यूपी आने-जाने और सेंटर की बजाए होम क्वारेंटाइन में रहने की सिफारिश मिल गई। वह 7 दिन तक सैलून के साथ लोगों के घर तक पहुंचकर लोगों की हजामत बनाता रहा।
राजनीतिक दबाव से अफसर बेबस
जिले के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना के संकट के दौरान लगातार जनप्रतिनिधियों द्वारा बाहर आने-जाने और होम क्वारेंटाइन में रखने का राजनीतिक दबाव बनाया जाता है। चिरमिरी के केस में मामला नहीं बिगड़ता, यदि दोनों को यूपी से आने के बाद क्वारेंटाइन सेंटर में रखा जाता।
गर्भपात होने से दी थी अनुमति: कलेक्टर
कलेक्टर डोमन सिंह ने बताया युवक की पत्नी को गर्भपात हुआ था, इसके लिए उसे यूपी जाने-आने की अनुमति दी थी। लॉकडाउन में छूट से होम क्वारेंटाइन में रहते हुए कुछ लापरवाही हुई होगी, लेकिन पाजिटिव रिपोर्ट आते ही युवक को अंबिकापुर मेडिकल काॅलेज इलाज के लिए भेज दिया है।
मानवीयता के आधार पर होम क्वारेंटाइन किया
विधायक डाॅ. विनय जायसवाल ने बताया कि लोगों को तकलीफ होती है, तो वे मेरे पास आते हैं। इस केस में भी एैसा ही हुआ। पत्नी के गर्भपात का बड़ा कारण था। इसलिए जिला प्रशासन ने उसे अनुमति दी। उसे क्वारेंटाइन सेंटर में रखना था, लेकिन मानवीयता के आधार पर उन्हें होम क्वारेंटाइन किया गया। इसका युवक ने गलत फायदा उठाया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LAqbeR
via

Comments