Skip to main content

एयू की 11 छात्राओं ने कहा- दो महीने से फंसे हैं, यूनिवर्सिटी केवल आवेदन लिखवा रही है, जवाब कुछ नहीं दे रही

अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी ने 11 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के लिए गुजरात, कोलकाता और भोपाल की कंपनियों में भेजा था। लॉकडाउन के कारण ये छात्र यहीं फंसे हुए हैं। छात्रा शीना पॉल, फामिया फिजा, गीतांजलि देवांगन, अवंतिका दुबे और छात्र रितिक राज से जब दैनिक भास्कर ने बात की तो सभी ने कहा कि नया शहर है, कुछ जानते नहीं हैं। रेंट पर रह रहे हैं। लॉकडाउन में खाने से लेकर हर प्रकार की दिक्कत है। पहली बार घर से बाहर अकेले आए हैं। दिन भर घर की याद आ रही है और रो रहे हैं। विभागाध्यक्ष से संपर्क कर रहे हैं कि वो बुलाएं, पर वो लोग केवल आवेदन लिखवा रहे हैं।

आवेदन लिखवाने के बाद कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। माता-पिता भी बुलाने के लिए जिला प्रशासन का चक्कर लगा रहे हैं। वहीं यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. सुधीर शर्मा इन छात्रों की सूची बनाकर केवल जिला प्रशासन को देकर अपना कोरम पूरा कर लिया है। कुलपति प्रो. जीडी शर्मा इन छात्रों के लिए एक बार भी जिला प्रशासन, उच्च शिक्षा विभाग, कुलाधिपति अनुसुइया उइके से बात तक नहीं की है। अब ऐसे में छात्र-छात्राएं वहां परेशान हैं। गौरतलब है कि अटल यूनिवर्सिटी के टीचिंग डिपार्टमेंट में 5 विभाग संचालित हैं। इन विभागों में पढ़ने वाले अंतिम वर्ष के छात्रों को विश्वविद्यालय द्वारा प्रशिक्षण के लिए उनके विषस से संबंधित कंपनियों में भेजा जाता है।

एयू केवल छात्रों से पैसा वसूल रही, जिम्मेदारी का ध्यान नहीं
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया है कि अटल यूनिवर्सिटी छात्रों से केवल पैसा वसूल रही है। छात्रों के प्रति जिम्मेदारी थोड़ी भी नहीं है। 7 साल में एयू ने 5 लाख 28 हजार 430 प्राइवेट छात्रों से जिन्हें खेलने और लाइब्रेरी में पढ़ने और किताब जारी कराने की अनुमति नहीं है, उनसे भी 4 करोड़, 22 लाख 74 हजार 400 रुपए, छात्र कल्याण शुल्क, अनुमति शुल्क व कुलपति आकस्मिक सहायता निधि के नाम पर इनसे 10 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपए वसूला है। इस तरह 14 करोड़ 79 लाख 60 हजार 400 रुपए अवैध रूप से वसूल कर केवल ब्याज खा रही है। एयू गुजरात, भोपाल और कोलकाता में फंसे छात्रों की जिम्मेदारी ले, वहां उन्हें सारी सुविधा प्रदान कराए और जल्द से जल्द सरकार से बात करके वापस बुलाए।

आज आवेदन करेंगे, अनुमति मिली तो अपनी गाड़ी भेजेंगे
अटल यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. सुधीर शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन जैसे ही लगा, तब से छात्रों को के टच में है। उन्हें लाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य शासन व जिला प्रशासन को सूचना दे दी गई है। एचएम व एफपीटी के विभागाध्यक्ष को छात्रों को लाने के लिए ओएसडी बनाया गया है। सोमवार को छात्रों को लाने की अनुमति के लिए आवेदन करेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2STBXVG
via

Comments