प्रखंड कार्यालय कांडी के पड़ोस में अवस्थित ढबरिया गांव के एक सौ से अधिक परिवारों को अभी तक राशन कार्ड नहीं मिला। इस कारण लगभग 500 से अधिक की आबादी को सरकारी राशन व केरोसिन का लाभ नहीं मिलता। इस कारण इन लोगों को राशन के अभाव में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ढबरिया गांव निवासी 100 परिवारों के सैकड़ों लोग राशन कार्ड से वंचित हैं। परिणाम स्वरूप जन वितरण प्रणाली के द्वारा सरकार से आपूर्ति किए गए अनाज का लाभ नहीं मिल पाता। ऐसी स्थिति में गरीब व असहाय लोगों के लिए लाइफ लाइन का काम करने वाले जन वितरण प्रणाली के लाभ से एक बड़ी आबादी सर्वथा वंचित है। इस गांव के निवासी व राशन कार्ड से वंचित लोगों ने अपना अपना राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर रखा है। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी आज तक उनका राशन कार्ड नहीं बना।
सामान्य दिनों में तो रोज कमाने और रोज खाने वाले लोगों का किसी तरह काम चल जा रहा था। लेकिन लॉक डाउन लागू होने के बाद से इन्हें ना तो काम मिल रहा है ना मजदूरी मिल रही है। सरकारी अनाज का कभी एक छटाक इन्हें नहीं मिलता। ऐसी हालत में यह पूरी की पूरी आबादी भुखमरी की शिकार हो रही है। परिस्थिति काफी गंभीर हो चुकी है। बावजूद इसके आम जनता यह समझ नहीं पा रही की इस भयावह समस्या के निदान के लिए वह किस की चौखट पर माथा पटके। आवेदन करने के बाद उन्होंने कई बार उनका राशन कार्ड बनाए जाने के विषय में प्रखंड कार्यालय में तहकीकात की। लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं मिला। हाल के दिनों में गाड़ी में लाउडस्पीकर बांधकर राशन कार्ड से वंचित लोगों को चावल मुहैया कराए जाने की सूचना दी गई थी। यह खबर पाकर उन्हें दोहरी खुशी मिली थी। उन्होंने सोचा कि चलो देर से ही सही अब उनका काम हो जाएगा। अभाव की हालत में कुछ राशन मिल जाएगा। जबकि राशन कार्ड बनाए जाने की दिशा में भी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
ग्रामीणों ने मुखिया को घेरकर राशन कार्ड मांगा :- राशन कार्ड से वंचित लोगों ने गुरुवार को कांडी पंचायत के मुखिया विनोद प्रसाद का घेराव करके उनसे राशन कार्ड की मांग किया। लोगों ने कहा कि आप उनके स्थानीय जनप्रतिनिधि है। ढबरिया गांव निवासी तमाम मेहनत कश मजदूरों की आबादी की हालत आप से छुपी हुई नहीं है। लॉक डाउन की परिस्थिति में उनके बच्चों के मुंह में अनाज का निवाला मुश्किल से जा रहा है। किसी भी हाल में उन्हें चावल दिलाया जाए।
शीघ्र बनेगा कार्ड : बीडीओ जॉन टूडु ने राशन कार्ड से वंचित लोगों का राशन कार्ड बनाए जाने का भरोसा दिलाया। कहा कि इस मद का चावल आते ही उसका वितरण किया जाएगा। मुखिया का घेराव करने वालों में राशन कार्ड से वंचित नसीबा बीवी, नूर आलम, शारदा देवी, सबीहा खातून, खैरून बीवी, मजीद अंसारी, सरिता देवी, संगीता देवी, चांदनी देवी, नसीबा बीवी, रसूल बीवी, सत्या देवी, सायरा बीवी अजमेरी बीवी, शांति देवी, गीता देवी, शोभा देवी जुम्मन बीवी, जैनुल बीवी, इस्लाम अंसारी सहित सैकड़ों लोगों के नाम शामिल हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yiKESi
via IFTTT
Comments
Post a Comment