देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन भी सतर्क हो गया है। नोएडा समेत उत्तरप्रदेश के 15 जिलों को बुधवार रात से सील कर दिया गया था। ये वे हॉट स्पॉट इलाके हैं जहां कोरोना मरीजों की संख्या ज्यादा है। ये कड़ा कदम कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए उठाया गया है। लॉकडाउन के बीच हॉट स्पॉट वाले इलाकों को पूरी तरह से सील करने का ये दूसरा दिन था। इन इलाकों में पुलिस प्रशासन ने बाहरी व्यक्तियों के आवागमन पर पूरी तरह बैन लगा दिया है। ऐसे इलाकों में रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित रही। दूध के लिए सुबह और शाम लंबी-लंबी कतारें लगी। कतार में खड़े कुछ लोगों का नंबर आता तब दूध का स्टॉक भी खत्म हो गया। इन इलाकों में जरूरी सामान के अधिकृत वेंडर्स की सूची गुरुवार दोपहर तक बन पाई। इसके बाद इनके पास और अन्य प्रक्रिया को पूरा करने में समय लगा। ऐसे में शुक्रवार को सेक्टरों में ये वेंडर्स दोपहर में 12-1 बजे तक पहुंचे। जबकि लोग सुबह 10 बजे से ही लाइनों में लग गए थे। सेक्टर 22 में करीब 1 बजे वेंडर्स पहुंचे तब तक तेज धूप हो चुकी थी। लेकिन लोग फल- सब्जियां और अन्य जरूरी सामान लेने के लिए धूप में भी लाइनों में खड़े रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने वेंडरों पर सामान के ज्यादा भाव लगाने की भी शिकायत की।
गौतम बुद्धनगर डीएम सुहास एलवाई की ओर से गुरुवार को जनपद में सील किए गए कोरोना हॉट स्पॉट वाले इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई के लिए सप्लायरों की लिस्ट जारी की थी। लेकिन सील किए गए सेक्टरों के लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि कई सप्लायरों ने फोन ही नहीं उठाया। तो कइयों ने 500 रुपए से कम का ऑर्डर होम डिलीवरी करने से ही इंकार कर देने का आरोप लगाया। ऐसे में हॉट स्पॉट वाले एरिया के घरों में बच्चे दूध के लिए तड़पते रहे। शाम तक कोई इंतजाम नहीं हुआ। जिला प्रशासन के इंटिग्रेटेड कॉल सेंटर के नंबर 18004192211 पर भी मदद नहीं मिली। सेक्टर 22 के एक रहवासी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सेक्टर 22 के जिस वेंडर का नंबर दिया था, उसे दोपहर तक कई बार कॉल किया। फोन नहीं उठा। दोपहर बाद नंबर भी बंद हो गया। दूध, सब्जी, राशन कुछ नहीं मिल रहा। पुलिसवाले बाहर नहीं निकलने दे रहे।
बुजुर्गों को भी लाइन में लगना पड़ा
प्रशासन की ओर से जारी लिस्ट के सप्लायरों के आवश्यक चीजों की होम डिलीवरी नहीं होने के कारण बुजुर्गों को भी घंटों लाइन में लगना पड़ा। सेक्टर 22 में नोएडा अथॉरिटी के वेंडर्स दोपहर में आए थे। ऐसे में कड़ी धूप में लोगों को लाइनों में खड़े होना पड़ा। इन लाइनों में कई बुजुर्ग भी थे। जो मजबूरी में लाइनों में खड़े थे। जिन्हें देखकर कर कुछ लोगों ने कहा कि कम से कम प्रशासन इनके लिए तो कोई अलग से व्यवस्था कर देते। जिससे इनकों लाइन में नहीं लगना पड़ता।
68 वाहनों का चालान व 6 वाहनों को सीज किया
जनपद में धारा 144 सीआरपीसी के उल्लंघन में धारा 188 के तहत कुल 11 अभियोग पंजीकृत व 37 अभियुक्त गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 332 वाहनों को चेक किया जिसमें से 68 वाहनों का चालान व 06 वाहन सीज किये गये। वहीं आकस्मिक सेवाओं के 2 वाहनों का परमिट किया गया। 200 चेकिंग बिन्दुओ पर 24 घंटे बैरियर लगाकर पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही है।
सेनिटाइजेशन के लिए 6 फायर टेंडरों रवाना किए
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने कमिश्नरेट सेक्टर -108 से जनपद को मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गई 6 फायर टेंडरों को सेनिटाइजेशन के लिए रवाना किया गया। जो जनपद के विभिन्न हिस्सों में सेनिटाइजेशन करेंगे। इस मौके पर आयुक्त सिंह द्वारा चीफ फायर ऑफिसर अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में उपस्थित फायर सर्विस की टीम को ब्रीफ किया।
डीएम ने किसानों से की दूरी बनाकर गेंहूं कटाई
डीएम सुहास एलवाई ने ट्वीट कर किसानों से अपील कि “प्रिय किसान भाइयों गेहूं की कटाई करते समय श्रमिक आपस में कम से कम 2 मीटर की दूरी रखते हुए कटाई का कार्य करें एवं नाक व मुंह को कपड़े या मास्क से ढक कर रखें । कंबाइन से कटाई हेतु ड्राइवर सहित चार लोगों को अनुमति प्रदान की गई है वह सभी सोशल डिस्टेंसिंग का कृपया पालन करे।’
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RrnzDo
via
Comments
Post a Comment