Skip to main content

राशन दुकानों पर लगती भीड़ ने बढ़ाई चिंता, फैल सकता है संक्रमण

(सुनील शर्मा)कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर लोगों के मन में पैदा हुए डर को शासकीय उचित मूल्य दुकानों में पहुंच रही राशन लेने वालों की भीड़ ने और बढ़ा दिया है। राशन दुकानों में जमा हो रही भीड़ से संक्रमण का खतरा है इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता।खाद्य विभाग, प्रशासन और उचित मूल्य दुकानों के संचालक भी इस बात को मानते हैं लेकिन इस पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका है। यह बेहद चिंता का विषय है हालांकि अब तक 2 उपाय किए गए हैं। जिसमें पहला बायोमैट्रिक्स की बजाय फोटो खींचकर राशन देना और दूसरा दुकानों के बाहर गोल घेरे बनाकर बारी-बारी से चावल देना।

बायोमेट्रिक से राशन देना तो बिल्कुल ही बंद कर दिया गया है लेकिन गोल घेरे में कार्ड धारियों को बारी-बारी से राशन देने के नियम का पालन ज्यादातर दुकानों में नहीं हो रहा है। कहीं किसी दिन कोई दुकान में कुछ देर के लिए यह नियम पालन भी कर लिया जाता है लेकिन यह नियम फिर से टूट जाता है। ऐसे में दैनिक भास्कर ने कुछ एक्सपर्ट से यह समझने का प्रयास किया कि इस भीड़ को कैसे कम या नियंत्रित किया जा सकता है,पढ़िए-क्या कहते हैं एक्सपर्ट।
लोगों को जागरूक कर बांटे राशन: फूड कंट्रोलर
खाद्य नियंत्रक एच. मसीह के मुताबिक यदि उचित मूल्य दुकान के दुकानदार चाह लें तो वे अपनी दुकान में भीड़ नियंत्रित कर सकते हैं। इसके लिए वे खुद योजना बनाएं कि वे भीड़ पर कैसे काबू पा सकते हैं। ग्राहकों के साथ उनका रिश्ता होता है। वे उन्हें सामाजिक नियमों का पालन कराने जागरूक करें। उन्हें जवाबदारी खुद लेनी चाहिए। हालांकि वे यह भी कहते हैं कि जिले में 90 से 95 फ़ीसदी राशन बांटा जा चुका है और अब ज्यादा समस्या नहीं है। उनका कहना है कि संक्रमण न हो इसीलिए बायोमैट्रिक्स की बजाय राशन कार्ड धारियों को फोटो खींचकर राशन दिया जा रहा है।
वालेंटियर्स किए जाएंगे तैनात: एसडीएम
बिलासपुर एसडीएम देवेंद्र पटेल का कहना है कि राशन दुकानों में भीड़ चिंता की बात तो है। यहां यदि सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया गया तो संक्रमण का खतरा है। सभी दुकानों के बाहर गोल घेरे बनाकर बारी-बारी से राशन लेने कहा गया है लेकिन कुछ जगह इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। यही वजह है कि अब राशन दुकानों में रेडक्रास के माध्यम से वॉलेंटियर्स तैनात किए जाएंगे। सब्जी बाजार और बैंकों में पहले से ही यह व्यवस्था शुरू की जा चुकी है। एसडीएम का कहना है कि नियम का पालन पूरी तरह तभी हो सकता है जब लोग खुद अपनी जिम्मेदारी समझेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Crowd at ration shops increases concern, infection may spread


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3exE0rW
via

Comments