Skip to main content

शहर के कई क्षेत्रों में नहीं हुई पानी सप्लाई, टैंकर भेजा


ग्रीष्म ऋतु के पूर्व जल संकट से निबटने की गई तैयारियां नाकाफी साबित हो रही हैं। गर्मी बढ़ते साथ वार्डों में एक-एक कर पेयजल समस्याएं सामने आने लगी हैं। मंगलवार को टिकरापारा और मगरपारा के एक हिस्से में पानी सप्लाई नहीं हुई। सुबह मोटर पंप बिगड़ने की खबर पर दोपहर नल जल विभाग ने टैंकर भेजा। उधर देवरीडीह में 8 साल बंद पड़ी पानी टंकी को नगर निगम ने सप्लाई के लिए चालू तो कर लिया, परंतु 30-40 घरों में पानी पहुंचने के दौरान ही पाइप लाइन फूट गई। अब नगर निगम क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को सुधारने में जुटा हुआ है।

मगरपारा सामुदायिक भवन को सप्लाई के लिए नगर निगम ने ट्यूबवेल में मोटर पंप बिठाया है। इससे गलियों में सीधे सप्लाई की जाती है। पंप बैठ जाने से सुबह पानी सप्लाई नहीं हो सकी। वहीं टिकरापारा में अटल वाटिका व उससे जुड़े घरों को पानी सप्लाई करने वाले मोटर पंप में अचानक खराबी आ जाने से सप्लाई ठप हो गई। नल जल विभाग के कार्यपालन अभियंता अजय श्रीवासन ने दोनों मोटर पंपों के सुधार तक टैंकर सप्लाई का दावा किया।

पेयजल समस्या हो तो इन नंबरों पर करें फोन

बिलासपुर | जिला एवं उप-खण्ड स्तर पर पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए पीएचई ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी कार्यपालन अभियंता पी.एस. कतलम से मोबाइल नंबर 9406118855 और सहायक मानचित्रकार नरेन्द्र पिंपलखरे से 9131848310 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उप-खंड स्तर पर बिल्हा एवं मस्तूरी के लिए ए.पी.वैद्य सहायक अभियंता उपखण्ड क्रमांक 1 से 7999853587, तखतपुर एवं कोटा के लिए बी.के.मेहर सहायक अभियंता उपखण्ड तखतपुर से 9827117235, गौरेला, पेण्ड्रा एवं मरवाही के लिए पी.के.पाठक सहायक अभियंता उपखण्ड गौरेला से उनके मोबाइल नंबर 9425853244 पर संपर्क किया जा सकता है।


टोल फ्री नंबर

नियंत्रण प्रभारी मोबाइल फोन पर या लिखित में प्राप्त शिकायत का निराकरण त्वरित रूप से करेंगे। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर टोल फ्री नंबर 18002330008 पर भी आम जनता अपनी पेयजल समस्या, शिकायत दर्ज करा सकती है।

निगम क्षेत्र के लिए

कार्यपालन अभियंता अजय श्रीवासन 9893299111 से संपर्क किया जा सकता है।

पीएचई की टंकी 8 साल से बंद

नगर निगम सीमा के विस्तार के बाद देवरीडीह के लोगों ने पीएचई द्वारा 8 वर्ष पूर्व बनाई गई 2 लाख लीटर क्षमता की पानी टंकी को चालू कर सप्लाई देने की मांग की थी। इस मामले में नगर निगम ने पहल की और वहां एक बोरिंग करवा कर पानी टंकी से घरों को सप्लाई शुरू कर दी। सप्लाई के दौरान पीएचई की पुरानी पाइप लाइन कई जगहों पर फूट गई। घटिया पाइप बिछाने के कारण आज लोगों को पानी सप्लाई की कोशिश में बाधा पहुंच गई। श्रीवासन ने जल्दी ही पाइप लाइन बदल कर 250-300 घरों में पानी सप्लाई का दावा किया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Rm2REV
via

Comments