Skip to main content

हॉट-स्पॉट की संख्या 43 हुई, 83 लोगों में कोरोना संक्रमण की वजह पता नहीं, कुल 27 लोग हुए ठीक

दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण दिनोंदिन खतरनाक होता जा रहा है। खास बात यह है कि ऐसे केस भी लगातार आ रहे हैं जिसमें संक्रमण की वजह पता नहीं चल रही है। इन लोगों ने न तो कोई विदेश यात्रा की और न ही किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए। रविवार को 25 केस ऐसे हैं, जिनके संक्रमण की अभी कोई जानकारी नहीं है। अब कुल 1154 मामलों में 325 केस विदेश से लौटे या किसी के संपर्क में आने वाले हैं और 746 अंडर स्पेशल ऑपरेशन के। 83 के संक्रमण की जानकारी नहीं है। 27 लोग अब तक ठीक होकर घर चले गए हैं। एक पॉजिटिव विदेश चला गया है।

वहीं, 24 लोगों की मौत हो गई है। रविवार को भी 1 व्यक्ति ठीक होकर घर चला गया। दिल्ली में सरकारी और निजी दोनों प्रकार की लैब में रविवार तक 14036 कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें से 1154 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 11748 की रिपोर्ट निगेटिव और 984 रिपोर्ट पेडिंग है। कोरोना पीड़ित के संपर्क में आने वाले और विदेश से लौटे लोगों को क्वारेंटाइन करने के लिए दिल्ली में 17 अलग-अलग जगह इंतजाम किया गया है। जहां कुल 2464 लोग क्वारेंटाइन सेंटर में रखे गए हैं। उधर, कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद उन क्षेत्रों को हॉट स्पॉट घोषित कर शील्ड कर दिया गया है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कहा कि हॉट-स्पॉट के एक-एक घर की जांच की जा रही है। यहां पर मिलने वाले संदिग्ध को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

आज से शुरू होगा सेनिटाइजेशन अभियान

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसके तहत सरकार सोमवार से रेड और ऑरेंज जोन में 10 जापानी समेत 60 हाईटेक मशीन से बढ़े स्तर पर सेनिटाइजेशन अभियान शुरू करेगी। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऑनलाइन प्रेसवार्ता में कहा कि सरकार ने कोरोना को रोकने के लिए रेड और ऑरेंज जोन एरिया में बढ़े स्तर पर सेनिटाइजेशन अभियान शुरू करने का फैसला किया है। केजरीवाल ने कहा कि जहां बढ़ी संख्या में कोरोना के मरीज मिल रहे है। उनको कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। वहां ऑपरेशन शील्ड लागू किया जा रहा है। शील्ड ऑपरेशन के दिलशाद गार्डन में अच्छे परिणाम सामने आए है। हम नहीं चाहते कि दिल्ली में अमेरिका की तरह भयावह स्थिति पैदा हो। वहां 24 घंटे में 2 हजार लोगों की मौत हो गई। इसलिए दिल्ली में जिस एरिया में कोरोना के मरीज मिलेगे, उसे कंटोनमेंट जोन घोषित कर शील किया जाएगा। कंटोनमेंट जोन की संख्या बढ़ाते जा रहे है। सरकार आपके, आपके परिवार के लिए कड़े कदम उठा रही है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में घोषित किए गए सभी कंटेनमेंट जोन को रेड जोन और हाई रिस्क एरिया को ऑरेंज जोन घोषित किया गया है। दोनों की जगहों में सेनिटाइजेशन अभियान शुरू किया जाएगा।

20 हजार वर्ग मीटर प्रति घंटे एरिया होगा सेनिटाइज
सीएम ने बताया कि पीआई इंडस्ट्रीज ने दिल्ली सरकार को 10 हाईटेक जापानी मशीन मुफ्त में उपलब्ध कराई है। यह मशीन 20 हजार वर्ग मीटर प्रति घंटे सेनिटाइजेशन कर देती है। इसके अलावा हम दिल्ली जल बोर्ड की 50 मशीनों का सेनिटाइजेशन में इस्तेमाल करेंगे। इस तरह हम कल से 60 मशीनों के जरिए दिल्ली के रेड जोन और हाई रिस्क जोन के अंदर सेनिटाइजेशन अभियान का वृहद कार्यक्रम शुरू करेंगे।

सफदरजंग एन्क्लेव थाने में तैनात एएसआई को कोरोना

सफदरजंग एन्क्लेव थाने में तैनात एएसआई बिजेंद्र को भी कोरोना हो गया। उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रविवार को भर्ती कराया गया। इस महीने तबीयत खराब होने के बाद से वह होम क्वारेंटाइन थे। बीते 14 दिन से वो जिस भी पुलिसकर्मी के संपर्क में आए, उन सभी को घर में रहने की हिदायत दी गई है। वहीं साउथ डिस्ट्रिक्ट और ओपीएल यूनिट में तैनात 2 अन्य महिला पुलिसकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। इनमें एक एंड्रू गंज और दूसरी मॉडल टाउन निवासी है। एक 23 साल और दूसरी 48 साल की है। दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली में कोरोना फैलने पर केजरीवाल सरकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में कथित विफलता के लिए दिल्ली सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली सरकार वायरस के संक्रमण को रोकने में नाकाम रही और इसे फैलने दिया गया। एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड ओम प्रकाश परिहार और वकील सुप्रिया पंडिता की ओर से अधिवक्ता दुष्यंत तिवारी की याचिका में आनंद विहार बस टर्मिनल में लॉक डाउन के बावजूद लोगों के भारी संख्या में जमा होने और निज़ामुद्दीन मरकज में लोगों को जमा होने से रोकने और उन्हें नियंत्रित करने में विफल रहे मरकज प्रमुख मौलाना साद को अब तक गिरफ्तार नहीं करने पर सीबीआई जांच की मांग की गई है। इस बीच कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों (हॉट-स्पॉट) की संख्या रविवार को बढ़कर 43 हो गई जिनमें से 12 ऐसे इलाके दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हैं। सोमवार को 33 इलाके हॉट स्पॉट थे। 10 और ऐसे इलाकों की घोषणा के साथ ही संबंधित जिला अधिकारियों ने उन इलाकों को सील करना शुरू कर दिया है। पूर्वी दिल्ली में 9 हॉट स्पॉट, शाहदरा में 5 और पश्चिम दिल्ली में 4 हॉट स्पॉट हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Number of hot-spots increased to 43, 83 people do not know the cause of corona infection, a total of 27 people were cured


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3a3kzUl
via

Comments