रांची. राज्यसभा चुनाव में बाघमारा के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो कोर्ट में सरेंडर करेंगे। कोर्ट से अनुमति लेकर वे भाजपा उम्मीदवार दीपक प्रकाश के पक्ष में वोट देने विधानसभा आएंगे। कई मामलों में फरार चल रहे ढुल्लू महतो के लिए भाजपा पे यह रणनीति बनाई है। पार्टी नेता इस बारे में खुलकर कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं, पर अंदर ही अंदर सब कुछ तय हो चुका है कि ढुल्लू कब और कहां सरेंडर करेंगे। भाजपा अपनी जीत को लेकर किसी भी संशय में नहीं रहना चाहती है, इसलिए उसने यह तय किया है कि ढुल्लू सरेंडर करें और पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने सुरक्षित रूप से पहुंचे।
राज्यसभा की दो सीटों पर 26 मार्च को होनेवाले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के भी आ जाने से भाजपा जीत की फुलप्रूफ रणनीति पर काम कर रही है। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार खड़े हुए हैं। इसमें झामुमो प्रत्याशी शिबू सोरेन की जीत पक्की मानी जा रही है, जबकि भाजपा के दीपक प्रकाश को अपर हैंड है। धनबाद पुलिस ने भी विधायक को पकड़ने के लिए अपनी दबिश बढ़ा दी है। गौरतलब है कि दुष्कर्म के एक आरोप में ढुल्लू महतो की अग्रिम जमानत खारिज हो चुकी है। इस केस में पुलिस ने कोर्ट से विधायक के खिलाफ वारंट भी ले रखा है। इसके अलावा विधायक के खिलाफ चार और मामले दर्ज हैं, जिसमें नन बेलेबल धाराएं लगी हैं।
एनसीपी विधायक कमलेश सिंह का वोट पाने की कोशिश में भाजपा, नेताओं ने किया संपर्क
हुसैनाबाद के एनसीपी विधायक कमलेश सिंह का वोट पाने की भाजपा कोशिश कर रही है। पार्टी ने कमलेश सिंह के करीबी कुछ नेताओं को यह टास्क सौंपा है। मिली जानकारी के अनुसार इन नेताओं ने विधायक से भेंट भी की है। ऐसी उम्मीद है कि पार्टी उम्मीदवार दीपक प्रकाश इनसे मुलाकात करेंगे। इस बीच, कमलेश सिंह ने किसी भी भाजपा नेताओं से मिलने से इनकार करते हुए कहा कि वे यूपीए फोल्डर में हैं। फिर भी उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को बढ़त हासिल है।
भाजपा को चाहिए 27 वोट, 30 वोटों को लेकर पार्टी आश्वस्त, 31वें के लिए कोशिश
राज्यसभा चुनाव में भाजपा को जीत के लिए 27 वोट चाहिए। बाबूलाल मरांडी और ढुल्लू महतो के वोट देने की स्थिति में 26 वोट भाजपा उम्मीदवार को मिलेंगे। आजसू ने पहले ही भाजपा उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की है। इस प्रकार 28 वोट हो जाते हैं, जो जीत के लिए पर्याप्त है। निर्दलीय विधायक अमित यादव अौर सरयू राय के भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की स्थिति में यह आंकड़ा 30 तक पहुंच जाता है। अगर कमलेश सिंह भी इस कड़ी में शामिल हो गए तो संख्या 31 हो जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3boU3Gb
via IFTTT
Comments
Post a Comment