Skip to main content

Jharkhand daily news

रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनावायरस से बचाव के लिए जनता से संयम और संकल्प के साथ लड़ने की अपील की है। लोगों से अपने घरों में ही रहकर कामकाज निपटाने की अपील की गई है। शुक्रवार को शहर में इसका असर दिखा। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की संख्या कम देखी गई। वहीं सरकारी कार्यालयों में कुछ ही लोग पहुंचे। प्रधानमंत्री की अपील का असर रांची रजिस्ट्री ऑफिस में भी दिखा। यहां रोजाना करीब 100 डीड की रजिस्ट्री के लिए 300 से 400 लोग पहुंचते थे, वह संख्या घटकर 15 से 20 हो गई।

ऑफिस खुलने के बाद दोपहर तक लोगों की भीड़ नहीं दिखी। जो लोग पहुंचे, उनकी भी जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं हुई। उधर, राज्य सरकार ने रजिस्ट्री ऑफिस में आधार वेरीफिकेशन के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम पर रोक लगा दिया है। लेकिन अंगूठे के निशान का विकल्प नहीं दिया गया है। जबकि रजिस्ट्री मैनुअल के तहत बायोमेट्रिक से ही अंगूठे का निशान लेना अनिवार्य है। इस वजह से दोपहर 2:30 बजे तक रांची के किसी भी रजिस्ट्री ऑफिस में डीड की रजिस्ट्री नहीं हुई। सब रजिस्टर अविनाश कुमार ने बताया कि अंगूठे के निशान के विकल्प निकालने के लिए विभाग से आग्रह किया गया है। सॉफ्टवेयर में संशोधन के बाद ही यह संभव हो पाएगा।

बाजार में पसरा सन्नाटा सड़कों पर भी नहीं दिख रहे लोग
करोनावायरस विश्वव्यापी महामारी घोषित हो चुका है। फिलहाल रांची में एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है। लोग सावधानी और सतर्कता भी बरत रहे हैं। इसका असर बाजार और सड़कों पर दिखने लगा है। शुक्रवार को शहर की सभी प्रमुख सड़कें विरान रही। भीड़ वाले एमजी रोड में भी वाहनों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले 25 फीसदी देखी गई। मॉल, शॉपिंग सेंटर में भी लोग नजर नहीं आए। सिटी बस भी पूरी तरह खाली रही।

उधर, पेट्रोल पंप संचालकों की पहल, बांटा मास्क
कोरोनावायरस से लोगों को बचाने के लिए सरकार के साथ कई संस्थाएं जागरुकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पेट्रोल पंप पर भी लोगों को जागरूक करने की अनोखी पहल की गई है। थरपखना स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर आनेवालों को मुफ्त में मास्क उपलब्ध कराया जा रहा है। पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी मास्क लगाकर काम कर रहे हैं। साथ ही तेल लेने वाले को मास्क देकर उसे पहनने की अपील कर रहे हैं। शहर के कुछ मॉल संचालकों ने भी मुफ्त में मास्क देने की पहल की है। इधर, सिटी बस सहित निजी बसों में भी लोगों को हैंड सैनिटाइजर कराया जा रहा है। ताकि वह किसी तरह के संक्रमण की चपेट में ना आए। परिवहन विभाग ने सभी जिला के बस संचालकों को दिन में दो बार बसों को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पेट्रोल पंप पर मुफ्त में मास्क देते कर्मचारी।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2IYxZ8W
via IFTTT

Comments