राजनांदगांव में काेरोना वायरस से संक्रमित के संपर्क में आए एक व्यक्ति बिलासपुर आया था। वह यहां कहां ठहरा था, पुलिस इसका पता लगा रही है। स्वास्थ विभाग को इसकी जानकारी नहीं है। बुधवार को प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3 हो गई। इसमें एक राजनांदगांव का भी व्यक्ति शामिल है। सुबह से यह अफवाह गर्म थी कि संक्रमित व्यक्ति अपने किसी परिचित के यहां बिलासपुर आया था। शाम को यह बातें झूठी निकली। एसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति जिस व्यक्ति के संपर्क में आया था उसका यहां आना हुआ था पर कहां ठहरा था यह पता नहीं है। पुलिस राजनांदगांव के संपर्क में है। इधर स्वास्थ्य विभाग को इस बात की जानकारी नहीं है। सीएमओ प्रमोद महाजन का कहना है कि उन्हें इसकी किसी ने अभी तक सूचना नहीं दी है। शहर में मंगलवार के बजाए बुधवार को कर्फ्यू के दौरान कम संख्या में लोग घर से बाहर आए। इससे पुलिस को जरूर राहत मिली है पर अभी भी लोग गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं। एसपी प्रशांत अग्रवाल का कहना है कि अब पुलिस ऐसे लोगों पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है।
एक भी एफआईआर नहीं पुलिस ने की सख्ती
कर्फ्यू के दौरान बुधवार को किसी भी थाने में घूमने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं किया गया। वाहन चालको के चालान जरूर काटे गए। सुबह तो पुलिस शांत रही पर शाम को
बाइक सवारों पर डंडे बरसाए।
अाईजी ने शहर का भ्रमण किया, गांधी चौक में दवा की पर्ची देखी व जाने दिया
शाम को आईजी दीपांशु काबरा ने पूरे शहर का भ्रमण किया। वे नेहरू चौक से महामाया चौक पहुंचे फिर वहां से नूतन चौक होते हुए सरकंडा थाने आए। बसंत विहार में ठहरकर जायजा लिया और आने जाने वाले लोगों को बाहर नहीं निकलने की समझाईश दी। इसके बाद वे लिंगियाडीह होते हुए दयालबंद, गांधी चौक पहुंचे। गांधी चौक में काफी देर तक ठहरे। यहां दवा लेकर जा रहे दो लोगों ने सीधे उनसे मुलाकात की उन्हें जाने की इजाजत मांगी। आईजी ने उन्हें घर जाने के लिए छोड़ने निर्देश दिए।
बिलासपुर पुलिस की
अपील व निर्देश
{घर पर रहें,अनावश्यक घूमते पाए जाने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत आपराधिक मामला कायम कर जेल भेजा जाएगा।
{मूवमेंट के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को अपना परिचय पत्र रखना अनिवार्य है।
{आवश्यक सेवाओं के संबंधित संस्थान, प्रतिष्ठान, दुकान न्यूनतम कर्मचारियों के माध्यम से संचालित करना सुनिश्चित करें एवं संबंधित संस्थान अपने क्षेत्राधिकार के थाने में आकर एक फोटो एवं परिचय पत्र के साथ निर्धारित प्रारूप में जानकारी देकर मूवमेंट पास ले सकते हैं।
{मूवमेंट पास निर्धारित क्षेत्र एवं उल्लेखित कार्य के लिए ही मान्य होगा।
{मूवमेंट पास का दुरुपयोग किए जाने पर जब्त कर लिया जाएगा।
{अस्पताल क्लीनिक में कार्यरत डाॅक्टर एवं अन्य स्टाॅफ मेडिकल प्रोफेशन के निर्धारित यूनिफार्म के साथ साथ मूवमेंट पास भी संबंधित थाने से प्राप्त कर मूवमेंट करें।
{मेडिकल एजेंसी आपात स्थिति में दूसरे जिले में मूवमेंट के लिए अपने निवास के क्षेत्राधिकार वाले थाने से निर्धारित प्रारूप में अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
{राशन लेने के लिए अपने निवास स्थान से निकटतम दुकान में ही जाएं।
{दुकानों में भीड़ न लगाएं,निश्चित दूरी कम से कम एक मीटर बनाकर खड़े रहें और अपनी बारी आने पर सामान लें। दुकानदार दुकान के बाहर इस संबंध में बोर्ड लगाएं।
{पुलिस जांच में सहयोग करें एवं संयम बरतें।
{पुलिस कंट्रोल नंबर रूम नंबर 9479193099 पर काॅल या वाट्स अप कर संपर्क कर सकते हैं।
एसपी ने कराई कान
पकड़कर उठक बैठक
बिना वजह घर से बाहर निकलकर घूमने वालों को एसपी प्रशांत अग्रवाल ने उठक-बैठक कराई और दोबारा निकलने पर एफआईआर कर सीधे जेल भेजने की चेतावनी की। उनके साथ एएसपी ओपी शर्मा, एएसपी ग्रामीण संजय ध्रुव, एएसपी ट्रैफिक रोहित बघेल, टीआई कलीम खान,व सनिप रात्रे व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बेवजह घूमने वालों पर तबीयत से लाठियां भांजी।
जिला पंचायत सीईओ बिना मास्क के, पुलिस ने रोकी गाड़ी
सरकंडा में चांटीडीह चौक पर एसपी की मौजूदगी में पुलिस ने एक सरकारी गाड़ी को रोककर जांच की। भीतर एक जिले की जिला पंचायत सीईओ व उनके रिश्तेदार मौजूद थे। पूछताछ में बताया कि यह गाड़ी उनके आफिस की है और इसमें वे मास्क व सेनेटाइजर लेकर जा रहे थे। गंभीर बात यह थी कि भीतर बैठे कोई भी मास्क नहीं पहने था। पुलिस ने इस पर एतराज जताया और सभी को मास्क पहनाकर वहां से भेजा।
एसपी बिलासपुर लोगों को समझाइश देते हुए, पुलिस बेवजह घूम रहे लोगों से उठक बैठक कराते हुए, आईजी ने भ्रमण के दौरान लिया जायजा।
पुलिस ने कर्फ्यू के कारण बुधवार को पहले सुबह से दोपहर बाद तक समझाइश दी लोग शाम को नहीं माने तो डंडे चलाए और उठक-बैठक कराई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QNtSRk
via
Comments
Post a Comment