अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या हुई आधी, फिर भी आ रहे 600 से अधिक लोग, इनमें अधिकतर को सामान्य बीमारी
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने शासन द्वारा अस्पतालों में रूटीन चेकअप के लिए लोगों को नहीं जाने की समझाइश दी जा रही। इसके बाद भी कुछ लोग इससे बचने गंभीर नहीं हैं।
सामान्य सर्दी खांसी और दूसरी तरह की बीमारियों को लेकर लोग अभी भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बीते 4 दिन में इनकी संख्या 50 फीसदी घटी है, लेकिन अभी भी यहां ओपीडी में प्रतिदिन 600 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। सर्दी खांसी के अलावा चर्म रोग और दांत के भी मरीज चेकअप कराने आ रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन भी परेशान है। काउंटर पर भीड़ लग रही है। लोगों को समझाइश दी जा रही है, ताकि वे एक दूसरे के संपर्क में आने से बचें, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं है। भास्कर ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पड़ताल की तो पता चला दोपहर एक बजे तक यहां ओपीडी में 634 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था। अस्पताल प्रबंधन ने वार्ड में भर्ती बुजुर्ग व बच्चों के लिए अलग-अलग व्यवस्था कर दी है।
आंख, दांत कान के मरीज आ रहे
कोरोना वायरस से बचने के लिए प्रशासन द्वारा सामान्य बीमारी से पीड़ित लोगों को फिलहाल अस्पताल जाने से मना किया है, लेकिन सोमवार को मेडिकल काॅलेज अस्पताल में ऐसे लोग भी पहुंचे जिनको दांत, आंख, स्किन की सामान्य बीमारी है। इनमें स्किन 38, दांत के 17, आंख के 18 मरीज शामिल हैं। डॉक्टरों ने बताया कि ऐसे लोगों का बाद में भी इलाज संभव है, लेकिन यह जांच कराने पहुंचे थे।
एडीएम ने अस्पताल का किया निरीक्षण
सोमवार को अपर कलेक्टर ने अस्पताल का निरीक्षण कर यहां व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में देखा कि बुजुर्गों व बच्चों के लिए अलग व्यवस्था है कि नहीं। अस्पताल प्रबंधन ने मेडिकल वार्ड में इसके लिए अलग-अलग व्यवस्था की है ताकि कोई भी मरीज एक दूसरे के से संपर्क में न आए। अपर कलेक्टर ने कोरोना वायरस के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड व आईसीयू का भी निरीक्षण किया।
सोमवार को अलग-अलग बीमारी के 30 मरीज भर्ती: ओपीडी के साथ-साथ आईपीडी में भी मरीज भर्ती हो रहे हैं। सोमवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ऐसे 30 मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें शिशु वार्ड में 5, गाइनिक में 15, सर्जिकल वार्ड में 4, महिला मेडिकल वार्ड में 4 व अन्य विभाग के वार्ड में मरीज भर्ती हुए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33HHmn4
via
Comments
Post a Comment